देश

Today Weather Report: राजस्थान में बिपरजॉय का कहर! दिल्ली को मिलेगी गर्मी से राहत, असम में रेड अलर्ट जारी; जानिए सोमवार को कैसा रहेगा मौसम

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 19, 2023, 12:00 AM IST

Today Weather Report: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को दिल्ली में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को असम के लिए 'रेड' अलर्ट जारी करते हुए अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के कई जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

Image

जानिए सोमवार को कैसा रहेगा मौसम

Photo : Times Now Digital

Today Weather Report: अगले 24 घंटे में कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान में साइक्लोन बिपरजॉय के कारण सोमवार को भी बारिश होगी, वहीं दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है तो असम में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। असम में भारी बारिश की संभावना के कारण रेल अलर्ट भी जारी किया गया है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को दिल्ली में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के सामान्य से एक डिग्री अधिक है। आईएमडी ने राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि सापेक्ष आर्द्रता 54 प्रतिशत और 75 प्रतिशत के बीच रही।

असम में रेड अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को असम के लिए 'रेड' अलर्ट जारी करते हुए अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के कई जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। यह चेतावनी ऐसे समय में जारी की गयी है जब पिछले कुछ दिनों से राज्यभर में लगातार बारिश के कारण असम को इस साल की पहली बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। गुवाहाटी में आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने एक विशेष बुलेटिन में रविवार और सोमवार के लिए कोकराझार, चिरांग, बक्सा, बारपेटा और बोंगाईगांव जिलों में 'भारी' (24 घंटे में 7-11 सेंटीमीटर) से 'बहुत भारी' (24 घंटे में 11-20 सेमी) और अत्यधिक भारी बारिश (24 घंटे में 20 सेमी से अधिक) की भविष्यवाणी के साथ 'रेड' अलर्ट जारी किया। इसी अवधि के दौरान धुबरी, कामरूप, कामरूप महानगर, नलबाड़ी, दीमा हसाओ, कछार, गोलपारा और करीमगंज जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

राजस्थान में बिपरजॉय का कहर

राजस्थान के तीन जिलों विशेषकर जालोर, सिरोही और बाड़मेर में चक्रवाती तूफान बिपारजॉय की वजह से हुई भारी बारिश के कारण लोगों को बाढ़ जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। आगामी 24 घंटों में अजमेर और उदयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। साथ ही पाली, सिरोही ,राजसमंद और उदयपुर में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। अजमेर, भीलवाडा, चित्तौड़गढ, डूंगरपुर, टोंक , बूंदी, जयपुर, नागौर, और जालोर में कहीं-कहीं भारी और अतिभारी बारिश का दौर जारी रहेगा। राज्य के उत्तर पश्चिमी इलाकों हनुमानगढ, गंगानगर, चूरू और बीकानेर में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के आपदा और राहत सचिव पीसी किशन ने कहा- "भारी वर्षा के कारण जालोर, सिरोही और बाड़मेर जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है। अगले 15-20 घंटों में भारी बारिश होने का अलर्ट भी है।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article