देश

TMC समर्थकों ने न्यूटाउन में की भाजपा कार्यकर्ता की हत्या;हार नहीं पचा पा रहे,विजय जुलूस पर किया हमला

न्यू टाउन के बालीगुड़ी इलाके में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता मधु मंडल की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वह हाल ही में निकाले गए विजय जुलूस में शामिल था।

Image

फाइल फोटो

पश्चिम बंगाल में चुनाव में मिली हार को टीएमसी कार्यकर्ता पचा नहीं पा रहे हैं। इस बीच खबर आई है कि हार से बौखलाए टीएमसी समर्थकों ने न्यूटाउन में एक BJP कार्यकर्ता की हत्या कर दी है। पश्चिम बंगाल के न्यूटाउन इलाके में भाजपा कार्यकर्ता की कथित हत्या के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। मृतक युवक की पहचान मधु मंडल के रूप में हुई है।

भाजपा कार्यकर्ता को घेर कर पीटा

आरोप है कि मधु बीते दिन भाजपा की ओर से निकाले गए जुलूस मे शामिल हुआ था। जहां उसकी टीएमसी कार्यकर्ताओं से बहस हो गई थी। बताया जा रहा है कि घटना के अगले दिन कुछ लोगों ने उसे फोन कर घर से बाहर बुलाया। इसके बाद घर से कुछ किलोमीटर दूर एक खेत में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों और स्थानीय भाजपा नेताओं ने इस हत्या का आरोप तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं पर लगाया है। हालांकि,पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

बालिगुड़ी इलाके में हालात तनावपूर्ण

यह घटना न्यूटाउन के बालिगुड़ी इलाके में हुई, जहां अब हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए टेक्नो सिटी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, इलाके में केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। घटना के बाद स्थानीय लोगों,खासकर मृतक के पड़ोसियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया,जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है। गुस्साए लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

निर्वाचन आयोग ने बंगाल प्रशासन को चुनाव के बाद हिंसा से निपटने के दिए निर्देश

निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला, डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को निर्देश दिया कि वे राज्य में चुनाव के बाद होने वाली हिंसा की किसी भी घटना को लेकर कतई बर्दाशत नहीं करने की नीति अपनाएं। निर्वाचन आयोग ने यह निर्देश तब जारी किया, जब राज्य में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में कथित तौर पर दो लोगों की हत्या कर दी गई और कई पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई।

अधिकारी ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शांति बनी रहे और इसे बिगाड़ने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाए। निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा है कि वे चुनाव के बाद होने वाली किसी भी तरह की हिंसा के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करें। इस संबंध में कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति होनी चाहिए, चाहे इसमें कोई भी शामिल हो।

बंगाल में कैसे रहे परिणाम

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा को ऐतिहासिक परिणाम मिले हैं। चार मई को आए परिणामों में भाजपा ने बंगाल में 50 सालों के वाम दलों और तृणमूल कांग्रेस के शासन को समाप्त करते हुए 294 में से 207 सीटें हासिल कीं। टीएसी को मात्र 80 सीटें मिली हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article