देश

धर्म और राजनीति में कौन कर रहा घालमेल? जानें पीएम मोदी पर क्यों भड़की विपक्षी पार्टियां

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 31, 2023, 06:29 AM IST

Politics On Ram Mandir: अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा से पहले सियासत में उबाल आ चुका है। कांग्रेस और टीएमसी ने भाजपा सरकार की तीखी आलोचना की है। विपक्षी दलों ने प्रधानमंत्री मोदी पर धर्म और राजनीति में घालमेल का आरोप लगाया है। आपको समझाते हैं कि आखिर पूरा माजरा क्या है।

Image

पीएम मोदी पर विपक्षी दलों ने लगाए गंभीर आरोप।

Photo : Twitter

Opposition Vs PM Modi: जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, सियासत के नए-नए मुद्दे जोर पकड़ रहे हैं। अगले साल 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा और इसपर होने वाली सियासत से हर कोई वाकिफ है। ऐसे में अब विपक्षी दलों ने एक बार फिर इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष किया है।

पीएम मोदी पर धर्म और राजनीति में घालमेल करने का आरोप

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और कांग्रेस के नेताओं ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन से पहले कई परियोजनाएं शुरू करने को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर राजनीति तथा धर्म में घालमेल करने का आरोप लगाया।

शनिवार को पीएम मोदी ने कई योजनाओं का किया उद्घाटन

महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डा और पुनर्विकसित अयोध्या धाम स्टेशन का उद्घाटन करने के बाद मोदी ने दो अमृत भारत और छह वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने सभी नागरिकों से 22 जनवरी को अपने घरों में ‘दीये’ जलाने की अपील की, ताकि पूरा देश मंदिर की महिमा का आनंद उठा सके। प्रधानमंत्री ने लोगों से 14 जनवरी को ‘मकर संक्रांति’ से मंदिर के उद्घाटन दिवस तक देश भर के तीर्थ स्थलों और मंदिरों में स्वच्छता अभियान शुरू करने का भी आग्रह किया।

जानें टीएमसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर क्यों किया कटाक्ष

मोदी पर कटाक्ष करते हुए टीएमसी के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल घोष ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'यह वास्तव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नया भारत है, जहां 97 करोड़ लोग पौष्टिक आहार नहीं ले सकते। इसके बावजूद सरकार ने गरीबों के लिए खाद्यान्न सब्सिडी में 63 प्रतिशत की कटौती की है। जहां दो लाख शहरी लोग बेघर हैं और 6.5 करोड़ लोग झुग्गियों में रहते हैं।' उन्होंने कहा, 'लेकिन आपके पास प्रधानमंत्री के कटआउट वाले सेल्फी बूथ हैं, जो वादा करते हैं कि ‘अच्छे दिन’ जल्द आने वाले हैं।'

विपक्ष ने क्यों की रेलवे परियोजना के उद्घाटन की आलोचना?

घोष की पार्टी के वरिष्ठ सहयोगी और पश्चिम बंगाल के मंत्री एवं कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने प्रधानमंत्री द्वारा रेलवे परियोजना के उद्घाटन की आलोचना करते हुए कहा, 'बुनियादी ढांचा अधिक संख्या में ‘हाई-स्पीड’ ट्रेन चलाने के लिहाज से उपयुक्त नहीं है, इससे यात्री सुरक्षा से समझौता होता है। मोदी जुमलेबाजी कर रहे हैं।' उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह हर धर्म को मान्यता न देकर भारत के ताने-बाने को खतरे में डालने के साथ भगवान तक पहुंचने और सभी को शामिल करने के श्री रामकृष्ण के उपदेश ‘जोतो मत, तोतो पथ’ (जितने मत, उतने रास्ते) का उल्लंघन है।

अधीर रंजन ने राजनीति के साथ धर्म को मिलाने का लगाया आरोप

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डब्ल्यूबीपीसीसी) के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'मोदी और उनकी पार्टी भाजपा राजनीति के साथ धर्म को मिला रही है। राम मंदिर एक बात है, लेकिन राम मंदिर के नाम पर राजनीतिक अभियान चलाना दूसरी बात है।' चौधरी ने कहा कि किसी स्थान पर हवाई अड्डा और रेलवे स्टेशन बनवाना ठीक है, लेकिन पूरे देश के लोगों को हवाई अड्डे और ट्रेन की जरूरत है।

दोनों दलों पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बंगाल इकाई के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने महान विकास पहल की शुरुआत की है, लेकिन पश्चिम बंगाल के दल कभी नहीं सीखेंगे। अतीत में भी उनकी राजनीति से हमारा राज्य पीछे हो गया और वे लोग ऐसा करना जारी रखेंगे।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article