देश

थलपति विजय ने परिसीमन प्रस्ताव पर सांसदों से चर्चा की, DMK-AIDMK ने बनाई दूरियां; जानें कौन-कौन सी पार्टियां हुईं शामिल

Vijay Delimitation Meeting: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शनिवार को केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन पर चर्चा के लिए तमिलनाडु के सांसदों की एक बैठक की अध्यक्षता की।

Image

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय (फाइल फोटो)

Vijay Delimitation Meeting: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शनिवार को केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन पर चर्चा के लिए तमिलनाडु के सांसदों की एक बैठक की अध्यक्षता की। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और अन्नाद्रमुक ने इस बैठक का बहिष्कार किया तथा बातचीत को ''ढोंग'' एवं ''नाटक'' करार दिया।

विजय ने केंद्र के परिसीमन के प्रस्ताव और राज्य पर इसके संभावित असर पर चर्चा की अगुवाई की।

बैठक में कौन-कौन रहा मौजूद?

बैठक में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के सहयोगी दलों कांग्रेस, वीसीके, एमडीएमके और आईयूएमएल तथा मित्र दलों भाकपा और माकपा के सांसदों ने हिस्सा लिया। कुल मिलाकर 19 सांसद बैठक में शामिल हुए। इसमें कांग्रेस के 11 सांसद; भाकपा, माकपा और वीसीके के दो-दो सांसद, तथा एमडीएमके व आईयूएमएल के एक-एक सांसद शामिल हुए।

द्रमुक के सहयोगी दलों एमएनएम और डीएमडीके (जिनके राज्यसभा में एक-एक सदस्य हैं) ने भी बैठक में हिस्सा नहीं लिया। अन्नाद्रमुक (जिसके राज्यसभा में चार सांसद हैं) और उसकी सहयोगी पार्टी पीएमके (जिसके राज्यसभा में एक सदस्य हैं) ने इसमें हिस्सा नहीं लिया। द्रमुक के 22 लोकसभा सदस्य और आठ राज्यसभा सदस्य हैं।

चिदंबरम भी हुए शामिल

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम और वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन भी बैठक में शामिल हुए। विजय ने शनिवार को यहां कलैवनार अरंगम में स्थित एक सरकारी सभागार में बैठक की अध्यक्षता की। सरकारी सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु के मुख्य सचिव एम. साई कुमार ने छह और सात अगस्त को सांसदों को अलग-अलग आमंत्रण भेजा था।

DMK-AIADMK ने बनाई दूरियां

द्रमुक के वरिष्ठ नेता ए. राजा ने पेरम्बलूर में पत्रकारों से कहा कि यह ''एक हंसी-मजाक वाली कवायद'' है, क्योंकि टीवीके सरकार ऐसी चीज पर विचार कर रही है जिसके बारे में उसे कोई जानकारी ही नहीं है। अन्नाद्रमुक ने इस बैठक को ''जल्दबाजी में रचा गया नाटक'' करार दिया और कहा कि संसद में परिसीमन का कोई नया विधेयक पेश नहीं किया गया है और न ही इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा हुई है। अन्नाद्रमुक ने पूछा, ''मुख्यमंत्री जल्दबाजी में सांसदों की बैठक के नाम पर नाटक क्यों कर रहे हैं?''

द्रमुक के एक सांसद ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि सांसदों को आमंत्रित करना ही गलत कदम है, सरकार को सबसे पहले पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को बुलाना चाहिए था।उन्होंने कहा, ''सांसदों का काम पार्टी के रुख का पालन करना है। यह बैठक अनावश्यक है। द्रमुक तमिलनाडु के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमारे पार्टी प्रमुख एम. के. स्टालिन ने सबसे पहले परिसीमन के खिलाफ आवाज उठाई थी और राज्य के हितों की रक्षा के लिए इसके खिलाफ संघर्ष किया है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article