देश

वर्ल्ड चैंपियंस टीम इंडिया से मिले PM Modi, रोहित-विराट, द्रविड़ और चहल से हुई गुफ्तगु

Team India Meet PM Modi: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। वीडियो में भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ व कप्तान रोहित शर्मा पीएम मोदी के ठीक बगल में बैठे नजर आ रहे हैं।

Image

Team India Meet PM Modi

Photo : Twitter

Team India Meet PM Modi: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया वतन लौट चुकी है। सुबह-सुबह दिल्ली एयरपोर्ट रोहित शर्मा की अगुआई वाली वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया का जोरदार स्वागत हुआ। इसके बाद भारतीय टीम ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी से इंडिया टीम की मुलाकात की वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सभी खिलाड़ी गुफ्तगु करते हुए नजर आ रहे है।

सामने आए वीडियो में भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ व कप्तान रोहित शर्मा पीएम मोदी के ठीक बगल में बैठे नजर आ रहे हैं। इसके अलावा विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, यजुवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज, सूर्य कुमार यादव समेत अन्य खिलाड़ी भी मौजूद रहे।

मुंबई के लिए रवाना हुई टीम इंडिया

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद भारतीय क्रिकेट टीम मुंबई के लिए रवाना हो गई है। प्रधानमंत्री आवास से टीम इंडिया के खिलाड़ी दो बसों में सवार होकर भारी सुरक्षा में दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से टीम इंडिया मुंबई के लिए उड़ान भरेगी। बता दें, आज मरीन ड्राइव से वानखेड़े स्टेडियम तक विजय परेड का आयोजन किया गया है।

वानखेड़े स्टेडियम में होगा टीम इंडिया का सम्मान

नरीमन प्वाइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक टीम इंडिया का रोड शो का आयोजन होगा और उसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में उनके लिए सम्मान समारोह रखा गया है। बता दें, हरिकेन तूफान 'बेरिल' के आने से भारतीय टीम पिछले तीन दिनों से बारबेडोस के ब्रिज़टाउन में ही फंसी हुई थी। तूफान के कारण वहां का एयरपोर्ट पूरी तरह से बंद था और हवाई सेवाएं भी स्थगित थीं। इसके बाद बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भारतीय टीम के लिए एयर इंडिया के विशेष चार्टर विमान एयर इंडिया चैंपियंस 24 विश्व कप का इंतज़ाम कराया। यह विमान ब्रिज़टाउन के स्थानीय समयानुसार बुधवार सुबह 4.20 पर रवाना हुआ था जो नई दिल्‍ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुबह 6.15 पर पहुंचा। इस विमान में खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के अलावा उनका परिवार, बोर्ड के कुछ अधिकारी और मीडिया के भी लोग शामिल रहे।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article