देश

कश्मीर में शिक्षक बना आतंकी, परफ्यूम बम लेकर हमले की कर रहा था तैयारी, ARMY ने दबोच लिया

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 2, 2023, 04:31 PM IST

जम्मू-कश्मीर में यह पहली बार है, जब कोई आतंकी परफ्यूम बम के साथ पकड़ा गया है। टीचर से आतंकी बने इस शख्स के पास से आतंकियों का नया हथियार भी सामने आया है। यह हथियार काफी घातक माना जा रहा है। यह आतंकी पहले भी कई हमलों को अंजाम दे चुका है।

कश्मीर (Kashmir) में आतंकियों के एक खतरनाक मंसूबों पर पानी फेरते हुए सेना ने एक वांटेड आतंकी (Terrorist) को गिरफ्तार किया है। आतंकी पहले कश्मीर में ही सरकारी नौकरी करता था। वह पेश से एक सरकारी शिक्षक था। इसी दौरान वो आतंकियों के संपर्क में आया और लश्कर से जा मिला।

दो हमलों को दे चुका था अंजाम

सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर इस आतंकी को गिरफ्तार किया है। कश्मीर के रियासी जिले का निवासी आरिफ जम्मू के नरवाल इलाके में हुए दोहरे विस्फोटों का भी जिम्मेदार है। इस हमले में नौ लोग घायल हो गए थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि आरिफ का आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से संबंध है।

आतंकियों का नया हथियार

पुलिस ने बताया कि आरिफ के पास से एक परफ्यूम की बोतल में रखा हुआ आईईडी बरामद किया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख ने कहा कि यह पहली बार है जब कश्मीर में इस तरह का बम बरामद किया गया है। इससे पहले ऐसा बम नहीं देखा गया था। उन्होंने कहा- "यह पहली बार है जब हमने एक परफ्यूम आईईडी बरामद किया है। हमने इससे पहले कोई परफ्यूम आईईडी बरामद नहीं किया है। अगर कोई इसे दबाने या खोलने की कोशिश करेगा तो आईईडी विस्फोट हो जाएगा।"

पाकिस्तानी नेटवर्क

पुलिस की मानें तो आरिफ अपने पाकिस्तानी आकाओं के इशारे पर काम करता था। वहां बैठे लश्कर के सरगना जो उसे आदेश देते, उस हमले को अंजाम आरिफ देता था। आरिफ ने वैष्णो देवी तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर बमबारी में शामिल होने की बात को स्वीकार भी किया है। उस हमले में चार लोग मारे गए थे और 24 घायल हो गए थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article