देश

अजीबोगरीब ठगी: 'सिर मुंडवाओ और पाओ ₹15,000', नई बीमारी का खौफ दिखाकर महिलाओं के उड़ाए होश

New Infectious Disease Scam Tamil Nadu: तमिलनाडु के सेलम में फर्जी सरकारी अधिकारी ने महिलाओं को सिर मुंडवाने पर 15,000 रुपये देने का झांसा दिया। नई बीमारी के खौफ में 3 महिलाओं ने सिर मुंडवा लिया।

Image

अजीबोगरीब ठगी: 'सिर मुंडवाओ और पाओ ₹15,000', नई बीमारी का खौफ दिखाकर महिलाओं के उड़ाए होश (प्रतीकात्मक फोटो- istock)

Tamil Nadu Salem Tonsure Scam: तमिलनाडु के सेलम (Salem) जिले में ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला और अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक जालसाज ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर ग्रामीणों को झांसा दिया कि एक नई संक्रामक बीमारी से बचने के लिए सिर मुंडवाना बेहद जरूरी है। आरोपी ने दावा किया कि जो महिलाएं अपना सिर मुंडवाएंगी, उन्हें राज्य सरकार की ओर से 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस फर्जी योजना और बीमारी के डर में आकर तीन महिलाओं ने अपने बाल कटवा लिए।

'कोरोना जैसी नई बीमारी' का खौफ दिखाया

पीड़ित महिलाओं ने मीडिया को आपबीती सुनाते हुए बताया कि ठगी का यह सिलसिला तब शुरू हुआ जब एक महिला के पास किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना परिचय उच्च सरकारी अधिकारी के रूप में दिया और महिला का नाम व उसके परिवार के सदस्यों का सही ब्योरा बताकर उसका विश्वास जीत लिया।

आरोपी ने दावा किया कि कोविड-19 जैसी एक नई संक्रामक बीमारी तेजी से फैल रही है, जो इंसानों के बालों के जरिए शरीर में प्रवेश करती है। उसने अन्य देशों के फर्जी उदाहरण देकर कहा कि वहां लोग बचने के लिए अपने सिर मुंडवा रहे हैं।

शातिर धोखेबाज ने कहा कि तमिलनाडु सरकार इस अभ्यास को बढ़ावा देने के लिए सिर मुंडवाने वाली महिलाओं को ₹15,000 और स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं को ₹45,000 के साथ मुफ्त लैपटॉप दे रही है। उसने पुरुषों के लिए भी ₹6,000 की राशि का ऐलान किया था।

फोन बंद मिलते ही खुली पोल

आरोपी ने ग्रामीणों को झांसा दिया था कि यह लाभ केवल सीमित लोगों को मिलेगा और अगली दोपहर सरकारी अधिकारी गांव आकर पैसे बांटेंगे, इसलिए उससे पहले सिर मुंडवाना अनिवार्य है। आरोपी की बातों पर भरोसा करके गांव के करीब 20 लोग सिर मुंडवाने को तैयार हो गए, जिनमें से तीन महिलाओं ने तुरंत अपने पूरे बाल कटवा लिए।

जब अगली दोपहर तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा और पीड़ित महिलाओं ने संबंधित नंबर पर फोन मिलाया, तो आरोपी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। फोन बंद मिलते ही महिलाओं को अहसास हुआ कि उनके साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है, जिसके बाद अन्य ग्रामीणों ने अपने बाल कटवाने का फैसला तुरंत रद्द कर दिया। पीड़ित परिवारों ने स्थानीय पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज करा दी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article