देश

सीएम विजय का एक और धमाकेदार फैसला, मंदिर-स्कूलों के पास 717 शराब की दुकानें बंद करने का दिया आदेश

CM Vijay: सीएम विजय ने पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टेशनों के 500 मीटर के दायरे में स्थित सरकार द्वारा संचालित 717 TASMAC शराब खुदरा दुकानों को दो सप्ताह के भीतर बंद करने का आदेश दिया है।

Image

CM विजय का बड़ा फैसला

Photo : PTI

Tamil Nadu CM Vijay: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने एक और बड़ा फैसला लिया है। सीएम विजय ने पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टेशनों के 500 मीटर के दायरे में स्थित सरकार द्वारा संचालित 717 TASMAC शराब खुदरा दुकानों को दो सप्ताह के भीतर बंद करने का आदेश दिया है।मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद विजय ने TASMAC शराब की दुकानों का सर्वेक्षण करने का आदेश दिया ताकि पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के पास संचालित होने वाली दुकानों की पहचान की जा सके।

717 खुदरा शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश

एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, आम जनता के कल्याण को ध्यान में रखते हुए, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में स्थित 717 खुदरा शराब की दुकानों को दो सप्ताह के भीतर बंद करने का आदेश जारी किया है। वर्तमान में तमिलनाडु राज्य विपणन निगम द्वारा 4,765 खुदरा शराब की दुकानें संचालित की जा रही हैं। इनमें से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने एक सर्वेक्षण करने और पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में स्थित दुकानों की पहचान करने के निर्देश जारी किए। उपरोक्त आदेश के अनुसार, यह पाया गया कि इन तीन निर्दिष्ट श्रेणियों के अंतर्गत वर्तमान में 717 खुदरा शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं।

विज्ञप्ति में आगे कहा गया है, जन कल्याण को ध्यान में रखते हुए, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अगले दो सप्ताह के भीतर कुल 717 खुदरा शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है, जिनमें पूजा स्थलों के पास स्थित 276 दुकानें, शैक्षणिक संस्थानों के पास स्थित 186 दुकानें और बस स्टैंड के पास स्थित 255 दुकानें शामिल हैं।

AIADMK के एक गुट ने दिया विजय को समर्थन

AIADMK के एक गुट, जिसका नेतृत्व सीवी षणमुगम और एसपी वेलुमणि कर रहे हैं, मंगलवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की अगुवाई वाले सत्तारूढ़ गठबंधन, तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) को समर्थन देने का ऐलान किया। षणमुगम ने पत्रकारों से कहा कि वह आज बाद में मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की योजना बना रहे हैं।

विजय जोसेफ ने 10 मई को तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ ली थी

अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने रविवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही विजय ने जनता से किए वादों को निभाना शुरू कर दिया। उन्होंने सबसे पहले तीन महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर कर अपनी सरकार की प्राथमिकताएं तय कर दी हैं।

विजय के पहले 3 बड़े फैसले

  • 200 यूनिट मुफ्त बिजली: घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश।
  • ड्रग्स के खिलाफ जंग: राज्य से नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का गठन।
  • महिला सुरक्षा: महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित विशेष बल बनाने की मंजूरी।

मंच पर थे राहुल गांधी

शपथ ग्रहण समारोह की सबसे खास बात रही विपक्षी एकजुटता और विजय की राष्ट्रीय स्वीकार्यता। कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी विशेष रूप से इस समारोह में शामिल होने चेन्नई पहुंचे। मंच पर विजय और राहुल गांधी के बीच जबरदस्त गर्मजोशी और तालमेल देखने को मिला। विजय ने समारोह के अंत में राहुल गांधी और अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ एक यादगार 'सेल्फी' भी ली।

सादा परिधान और ऐतिहासिक शपथ

तमिलनाडु की पारंपरिक राजनीति में जहां सफेद धोती-कुर्ता का चलन रहा है, वहीं विजय और उनकी कैबिनेट ने एक नया ट्रेंड सेट किया। विजय सफेद शर्ट, डार्क पैंट और ब्लेजर में नजर आए। उन्होंने ईश्वर के नाम पर शपथ ली, जो कि पिछली द्रविड़ सरकारों, जो अक्सर नास्तिकता या धर्मनिरपेक्षता के आधार पर शपथ लेती थीं से अलग था। राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने उन्हें और उनके 9 मंत्रियों को शपथ दिलाई।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article