Karthigai Deepam Lamp Lighting Row: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख नैनार नागेंद्रन को गुरुवार को पुलिस ने तब गिरफ्तार कर लिया जब उन्होंने मदुरै में तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित ‘कार्तिगई दीपम’ को जलाने के लिए अन्य हिंदुत्व कार्यकर्ताओं के साथ ऊपर (पहाड़ी पर) जाने की कोशिश की।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, नागेंद्रन और याचिकाकर्ता राम रविकुमार सहित अन्य लोग स्पष्ट तौर पर अनुमति नहीं होने की बात कहे जाने के बावजूद दीप जलाने के लिए पहाड़ी के ऊपर जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि उन्हें यह भी बताया गया कि सरकार उच्च न्यायालय के उस आदेश के खिलाफ अपील करने की तैयारी कर रही है, जिसमें दीप जलाने की अनुमति दी गई थी।
नैनार और अन्य लोग वहां से नहीं हटे, इसलिए उन्हें पुलिस वैन में बैठाकर उस स्थान से दूर पहाड़ी की चोटी पर ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि नैनार और अन्य कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को कुछ समय बाद स्थिति के सामान्य हो जाने पर रिहा कर दिया जाएगा।
तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर
सनद रहे कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर भगवान सुब्रमण्यम स्वामी का मंदिर और सिकंदर बादशाह दरगाह भी स्थित है। सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर, जिसे तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर के नाम से भी जाना जाता है, तमिलनाडु सरकार के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ विभाग द्वारा प्रशासित है। तमिल माह कार्तिगई (नवंबर-दिसंबर) के दौरान दीपम उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। यह उत्सव अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है।
