देश

भारत विरोधी तत्वों पर ऐक्शन लें- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से बोले PM मोदी, फोन पर हुई बात

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 13, 2023, 11:07 PM IST

इस बातचीत के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि ब्रिटेन भारतीय उच्चायोग पर हमले को पूरी तरह अस्वीकार्य मानता है। उन्होंने भारतीय मिशन और उसके कर्मियों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है। बातचीत के दौरान मोदी ने ब्रिटेन में शरण लेने वाले आर्थिक अपराधियों का मुद्दा भी उठाया।

Image

पीएम मोदी और ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • हाल ही में ब्रिटेन में खालिस्तान समर्थकों ने भारतीय उच्चायोग पर हमला बोल दिया था
  • इस दौरान भारत के झंडे का अपमान किया गया था, जिसे लेकर काफी हंगामा मचा था
  • जिसपर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई थी और उच्चायोग की सुरक्षा सख्त करने के लिए कहा था

भारत के पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक (Britain PM Rishi Sunak) से गुरुवार को फोन पर बात की। पीएम ने उनसे कहा कि वो ब्रिटेन में मौजूद भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करें।

क्या हुई बातचीत

पीएम मोदी ने इस दौरान भारत-यूके रोडमैप 2030 के हिस्से के रूप में कई द्विपक्षीय मुद्दों पर प्रगति की समीक्षा की। पीएम मोदी ने इस कॉल के दौरान ब्रिटेन में भारत विरोधी गतिविधियों की हालिया घटनाओं को भी उठाया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने कई द्विपक्षीय मुद्दों, विशेष रूप से व्यापार और आर्थिक क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा की। बयान के अनुसार- "मोदी ने ब्रिटेन में भारतीय राजनयिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया और ब्रिटेन सरकार द्वारा भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आह्वान किया।"

सुरक्षा का दिलाया भरोसा

इस बातचीत के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि ब्रिटेन भारतीय उच्चायोग पर हमले को पूरी तरह अस्वीकार्य मानता है। उन्होंने भारतीय मिशन और उसके कर्मियों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

भगोड़ों का मुद्दा भी उठा

बातचीत के दौरान मोदी ने ब्रिटेन में शरण लेने वाले आर्थिक अपराधियों का मुद्दा भी उठाया। बता दें कि भारत ब्रिटेन से उद्योगपति विजय माल्या और भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी के प्रत्यर्पण का प्रयास कर रहा है। माल्या 2016 में ब्रिटेन भाग गया था और वह भारत में 9,000 करोड़ रुपये के ऋण चूक के मामले में वांछित है। नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक से करीब दो अरब डॉलर के ऋण घोटाला मामले में आरोपों का सामना कर रहा है।

सुनक को निमंत्रण

मोदी ने सितंबर 2023 में होने वाले जी 20 शिखर सम्मेलन के लिए सुनक को आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री सुनक ने जी-20 की भारत की अध्यक्षता में हुई प्रगति की सराहना की और इसकी सफलता के लिए ब्रिटेन के पूर्ण समर्थन को दोहराया। प्रधानमंत्री मोदी ने बैसाखी की पूर्व संध्या पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सुनक और भारतीय समुदाय को बधाई दी और साथ ही दोनों नेता संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article