मानव तस्करी के संदेह में जांच के लिए फ्रांस में कई दिनों तक रोककर रखा गया यात्री विमान मंगलवार तड़के मुंबई एयरपोर्ट पर उतरा। रोमानिया के इस विमान में करीब सवार करीब 300 लोगों में ज्यादातर भारतीय हैं। मानव तस्करी की संदेह में चार दिन पहले इस विमान को फ्रांस में रोक लिया गया था। इससे पहले वैट्री हवाई अड्डे के बाहर ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के संवाददाताओं ने चालक दल और लगभग 200 अन्य लोगों के विमान में चढ़ने के बाद ‘लीजेंड एअरलाइंस ए340’ को उड़ान भरते देखा।
सूत्रों के मुताबिक, फ्रांसीसी अधिकारियों की ओर से हिरासत में लिए जाने के तीन दिन बाद 300 से अधिक यात्रियों को लेकर एक विमान के सोमवार देर रात को मुंबई हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है। वैसे, इससे पहले विमान अपराह्न दो बजकर 20 मिनट पर मुंबई में उतरने वाला था।
यात्रियों में एक 21 महीने का बच्चा और 11 नाबालिग शामिल हैं जिन्हें विशेष प्रशासनिक देखभाल में रखा गया है। कई यात्रियों ने फ्रांस में ही आश्रय के लिए अनुरोध किया है। इसके अलावा दो अन्य यात्रियों को हिरासत में लिया गया है और आरोपों के सिलसिले में उन्हें सोमवार को न्यायाधीश के सामने पेश किया जा रहा है।
दरअसल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई से 303 यात्रियों को लेकर निकारागुआ जाने वाली उड़ान को ‘‘मानव तस्करी’’ के संदेह में बृहस्पतिवार को पेरिस से 150 किलोमीटर पूर्व में वैट्री हवाई अड्डे पर रोक दिया गया था।
