देश

सूरजपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला, तीन की मौके पर मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग

Surajpur Road Accident: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अंबिकापुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है।

Image

सूरजपुर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत। istock

Photo : iStock

Surajpur Road Accident: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सेमरसोत रोड पर हुआ। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।

ट्रक ड्राइवर की लापरवाही ने ले ली जान

जानकारी के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे की वजह ट्रक ड्राइवर की कथित लापरवाही बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना से कुछ समय पहले ट्रक की एक कार से टक्कर हुई थी। इसके बाद चालक घबराकर ट्रक को सड़क के बीचों-बीच छोड़कर मौके से फरार हो गया। आशंका है कि अंधेरा और तेज रफ्तार होने की वजह से बाइक सवार युवकों को सड़क पर खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह भीषण हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बाइक पर चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलने पर प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।

वहीं, बिहार के बेतिया–मोतिहारी मुख्य मार्ग (NH-727) पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article