Himachal Pradesh New Chief Minister: हिमाचल प्रदेश में कौन होगा अगला मुख्यमंत्री, तय हो गया। कांग्रेस आलाकमान ने हिमाचल प्रदेश के सीएम के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) के नाम को मंजूरी दी। उसके बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भी उनके नाम पर सहमति बन गई। पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के सीएम और मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम होंगे। शपथ ग्रहण समारोह रविवार (11 दिसंबर) को सुबह 11 बजे होगा। 58 वर्षीय सुक्खू नदौन से विधायक हैं। सीएम के फैसले पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि हाईकमान का फैसला मंजूर है।
सीएम मनोनीत होने के बाद एसएस सुक्खू ने कहा कि मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमारी सरकार बदलावलाएगी। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है। उन्होंने कहा कि नामित डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और मैं एक टीम के रूप में काम करेंगे। मैंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 18 साल की उम्र में की थी। कांग्रेस पार्टी ने मेरे लिए जो किया है, उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा।
कुछ घंटे पहले एसएस सुक्खू ने कहा था कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सबसे स्थिर सरकार होगी। 40 विधायक चुने गए और 3 अन्य विधायकों ने अपना समर्थन देने का वादा किया है। हम 43 विधायक हैं। कांग्रेस से कोई नहीं टूटेगा लेकिन बीजेपी से टूटेगा। वे केवल नेरेटिव सेट करते हैं। बीजेपी के 6-7 विधायक आने वाले समय में कांग्रेस में आ सकते हैं। हम सब हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी सभी लोगों के बीच सद्भाव बनाकर आगे बढ़ रही है। हम सभी कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। सुक्खू ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री पद का आकांक्षी नहीं हूं। मैं केवल एक कांग्रेस कार्यकर्ता हूं। शीर्ष नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा वह मुझे मंजूर होगा।
हिमाचल प्रदेश में नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों की ओर से आम सहमति से प्रस्ताव पास करके विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार पार्टी अध्यक्ष को दिए जाने के एक दिन बाद शनिवार को भी मुख्यमंत्री पद के लिए लामबंदी जारी रही थी। सुबह से ही कांग्रेस विधायकों का शिमला स्थित सेसिल होटल में जमावड़ा होने लगा था जहां पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश पटेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ठहरे हुए हैं।
विधानसभा चुनाव में स्पष्ट जनादेश के साथ मिली जीत के बावजूद कांग्रेस को छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के निधन से उत्पन्न हुए शून्य की भरपाई करने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। कांग्रेस को विधायक दल के नेता को लेकर आम सहमति बनाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।
इसके पहले शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में एआईसीसी के प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ पर्यवेक्षकों ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और उन्हें पार्टी के विजेता विधायकों की सूची सौंपकर सरकार बनाने का दावा करने के लिए समय मांगा। 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं।
