देश

स्क्वॉड्रन लीडर सान्या ने रचा इतिहास, बनीं पहली CAT-A फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर, IAF ने कहा-हमें आप पर नाज

भारतीय वायु सेना ने 'एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह भारतीय वायु सेना के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है और पूरे देश में महत्वाकांक्षी विमान चालकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के सान्या को सम्मानित करने की तस्वीरें भी पोस्ट में साझा की गईं।

Image

स्क्वाड्रन लीडर सान्या बनीं पहली CAT-A फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर।

Squadron Leader Saanya : भारतीय वायु सेना (IAF) ने सोमवार को कहा कि स्क्वाड्रन लीडर सान्या ने प्रतिष्ठित श्रेणी-ए योग्य उड़ान प्रशिक्षक (क्यूएफआई) योग्यता हासिल करने वाली पहली महिला अधिकारी बनकर इतिहास रच दिया है। भारतीय वायु सेना ने 'एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह भारतीय वायु सेना के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है और पूरे देश में महत्वाकांक्षी विमान चालकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के सान्या को सम्मानित करने की तस्वीरें भी पोस्ट में साझा की गईं। सान्या को 10 वर्ष पहले भारतीय वायुसेना में कमीशन मिला था।

युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है-IAF

पोस्ट में कहा गया, 'स्क्वाड्रन लीडर सान्या ने प्रतिष्ठित श्रेणी-ए योग्य उड़ान प्रशिक्षक (क्यूएफआई) योग्यता हासिल करने वाली पहली महिला अधिकारी बनकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उनकी यह उपलब्धि समर्पण और उत्कृष्टता की निरंतर खोज का प्रतीक है।’ पोस्ट में कहा गया, 'यह भारतीय वायु सेना के लिए गर्व का पल है और देश भर में विमानन क्षेत्र में करियर बनाने की आकांक्षा रखने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।’

सर्वोच्च इंस्ट्रक्शनल ग्रेड होता है कैट-ए

कैट-ए क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर (QFI) सैन्य पायलटों को दिया जाने वाला सर्वोच्च इंस्ट्रक्शनल ग्रेड होता है, जो उन्नत उड़ान कौशल और प्रशिक्षण क्षमता में असाधारण विशेषज्ञता का प्रतीक माना जाता है। ऐसे इंस्ट्रक्टर केवल नए पायलटों को ही नहीं, बल्कि जूनियर इंस्ट्रक्टर्स को भी प्रशिक्षण देने और उनका मूल्यांकन करने के लिए योग्य होते हैं।

ऑपरेशनल तैयारी में निभाते हैं अहम भूमिका

कैट-ए QFI सिर्फ प्रशिक्षक नहीं होते, बल्कि वे वायुसेना में उड़ान मानकों, स्टैंडर्डाइजेशन और फ्लाइट सेफ्टी के संरक्षक माने जाते हैं। भारतीय वायुसेना (IAF) की ऑपरेशनल तैयारी और पेशेवर उत्कृष्टता बनाए रखने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। वायुसेना द्वारा केवल पहले नाम से पहचानी गई सान्या एक कुशल ट्रांसपोर्ट पायलट हैं। अधिकारियों के अनुसार, कैट-ए QFI के रूप में वह नए पायलटों, नियमित पायलटों और अन्य इंस्ट्रक्टर्स को भी प्रशिक्षण देने के लिए पात्र हैं। अधिकारियों ने बताया कि कैट-ए, किसी भी QFI द्वारा हासिल की जा सकने वाली सर्वोच्च इंस्ट्रक्शनल रेटिंग है।

शिवांगी सिंह को मिला QFI बैज

यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब सात महीने पहले स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह भारतीय वायुसेना की पहली महिला फाइटर पायलट बनी थीं, जिन्हें तमिलनाडु के तांबरम स्थित फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स स्कूल में छह महीने का कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद QFI बैज प्रदान किया गया था। हालांकि, शिवांगी सिंह से पहले महिला ट्रांसपोर्ट और हेलीकॉप्टर पायलटों को QFI बैज मिल चुका था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article