देश

कौन है राज कुशवाह जो राजा रघुवंशी मर्डर केस में हुआ गिरफ्तार, सोनम रघुवंशी से क्या रिश्ता?

दावा किया कि राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि रातभर की छापेमारी के बाद तीन अन्य हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन्हीं में से एक आरोपी है राज कुशवाह।

Image

कौन है राज कुशवाह?

Raj Kushwaha Arrested: मेघालय पुलिस ने हनीमून के दौरान इंदौर के पर्यटक राजा रघुवंशी की हत्या का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी ने ही, भाड़े के हत्यारे बुलाए राजा की हत्या कार्रवाई थी। सोनम गाजीपुर में पुलिस हिरासत में है और उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिया जाएगा। मेघालय की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आई नोंगरांग ने दावा किया कि राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि रातभर की छापेमारी के बाद तीन अन्य हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन्हीं में से एक आरोपी है राज कुशवाह जो सोनम के पिता की दुकान पर काम करता था। सोनम से उसका क्या संबंध था, इसका अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस के मुताबिक, सोनम ने इन्हीं आरोपियों को राजा की हत्या की सुपारी दी थी। दूसरे दो आरोपियों का नाम विशाल चौहान और आकाश राजपूत है। चौथे आरोपी का नाम आनंद बताया जा रहा है।

कौन है राज कुशवाह

इस हत्याकांड में राज कुशवाह नाम के व्यक्ति का नाम सामने आया है। सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी ने कहा कि राज कुशवाह नाम का एक व्यक्ति उनके दुकान से जुड़ा है और परसों तक वह उनके गोदाम पर काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि कुशवाह का नाम मेरी बेटी सोनम के साथ गलत तरह से जोड़ा जा रहा है। मेघालय पुलिस अपनी खाल बचाने के लिए मेरी बेटी पर झूठे आरोप लगा रही है। मैं मेघालय पुलिस को कानूनी नोटिस भेजूंगा। मैं चाहता हूं कि सीबीआई पूरे मामले की जांच करे।

देवी सिंह ने कहा, मेरे बेटी बेगुनाह

हालांकि, देवी सिंह रघुवंशी ने अपनी बेटी के बेगुनाह होने का दावा किया है, जबकि राजा के भाई ने कहा कि अगर सोनम दोषी पाई जाती है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। राजा (29) और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को सोहरा इलाके के नोंगरियात गांव में एक होमस्टे से निकलने के कुछ घंटे बाद ही लापता हो गए थे। राजा का शव दो जून को गांव से 20 किलोमीटर दूर एक खाई में मिला था। डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने खुलासा किया है कि सोनम ने रघुवंशी की हत्या के लिए उन्हें भाड़े पर बुलाया था।

मेघालय पुलिस पर उठाई उंगली

इंदौर में देवी सिंह ने कहा कि मेरी बेटी 100 प्रतिशत बेगुनाह है। हम इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि मेघालय पुलिस मेरी बेटी के बारे में गलत बयान दे रही है क्योंकि राजा रघुवंशी की हत्या के मामले के कारण राज्य सरकार की छवि खराब हो रही है। फर्नीचर में इस्तेमाल होने वाली सनमाइका शीट के कारोबारी देवी सिंह ने दावा किया कि उनकी बेटी के खिलाफ मेघालय पुलिस के पास इस बात का कोई सबूत नहीं है कि उसने सुपारी देकर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या कराई थी।

सोनम ने अपने भाई गोविंद को फोन किया था

राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने संवाददाताओं को बताया कि सोनम ने उसके भाई गोविंद को कल देर रात वीडियो कॉल किया था। इसके बाद हमने उत्तर प्रदेश पुलिस को फोन करके सोनम के यहां होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब तक भाड़े के कथित हत्यारों का सोनम से आमना-सामना नहीं कराया जाएगा, तब तक हम इस बात को नहीं मान सकते कि सोनम ने सुपारी देकर अपनी पत्नी की हत्या कराई थी। हालांकि, विपिन रघुवंशी ने कहा कि अगर सोनम अपने पति राजा रघुवंशी के हत्याकांड में दोषी पाई जाती है तो उनके परिवार की मांग है कि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शहर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मेघालय पुलिस ने इंदौर और इसके आस-पास से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि रविवार देर रात की इस मुहिम में इंदौर पुलिस ने मेघालय की ईस्ट खासी हिल्स पुलिस की मदद की। सिंह ने बताया कि राजा रघुवंशी के हत्याकांड का विस्तृत खुलासा मेघालय पुलिस करेगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!