देश

फ्लाइट में निकला सांप, बुलानी पड़ी फायर सर्विस टीम, बैठी जांच; यूजर्स का तंज- बोर्डिंग पास चेक नहीं किया क्या?

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 11, 2022, 10:46 AM IST

Snake in Air India Express Plane: डीजीसीए अफसर के मुताबिक, हवाई अड्डे पर पहुंचने पर प्लेन में जब सांप मिला था तो उसके बाद अग्निशमन सेवाओं को भी इस बारे में बताया गया था।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : iStock

Snake in Air India Express Plane: एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में एक सांप निकलने का मामला सामने आया है। दुबई में हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के बाद उसके कार्गो होल्ड (मालवाहक क्षेत्र) में यह सांप मिला था, जिसके बाद विमानन नियामक संस्था डीजीसीए ने जांच के आदेश दिए।

यह घटना शनिवार (10 दिसंबर, 2022) की है, जिसके बारे में डीजीसीए के सीनियर अफसर ने बताया। समाचार एजेंसी पीटीआई को उन्होंने जानकारी दी कि बी737-800 विमान कालीकट (केरल) से आया था। मुसाफिरों को प्लेन से सुरक्षित उतार लिया गया था।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के सीनियर अधिकारी के अनुसार, दुबई हवाई अड्डे पर पहुंचने पर कार्गो होल्ड में जब सांप मिला था तो उसके बाद एयरपोर्ट की अग्निशमन सेवाओं को भी इस बारे में बताया गया।

अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच की जाएगी और इस संबंध में उपयुक्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता से संपर्क नहीं हो सका है, जबकि यात्रियों की संख्या के बारे में विवरण तत्काल पता नहीं चला। यह ग्राउंड हैंडलिंग चूक का मामला बताया जा रहा है।

उधर, सोशल मीडिया पर जैसे ही यह खबर आई तो यूजर्स तरह तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे और कुछ तो मीम्स के जरिए इस घटना पर मजाकिया तंज कसने लगे। @Rames694 के हैंडल से ट्वीट किया गया- ये प्लेन डाइनासॉर के दौर के हैं। इनमें सांप निकलना कोई चौंकाने वाली बात नहीं है।

@SanjayS2022 ने लिखा, "आपका क्या मतलब है कि सिर्फ चीता ही बोर्डिंग कर सकते हैं।" @clinomaniac_k ने पूछा कि सांप का बोर्ड पास चेक नहीं होता है क्या? @Arvind_0099 के अकाउंट से कहा गया- केचुआ के परदादा ही तो मिले हैं...फिर इतनी हाय तौबा क्यों?

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article