देश

सऊदी अरब में स्मृति ईरानी ने तीर्थयात्रियों से की मुलाकात, हज और उमरा सम्मेलन में लिया हिस्सा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 10, 2024, 10:00 AM IST

Smriti Irani In Saudi: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सऊदी अरब में भारतीय स्वयंसेवकों, उमरा तीर्थयात्रियों से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने हज और उमरा सम्मेलन में हिस्सा लिया। ईरानी ने ट्वीट करके ये जानकारी साझा की कि इस मौके पर हज, 2024 के दौरान भारतीय हज यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर चर्चा की गई।

Image

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की सऊदी यात्रा।

Photo : Twitter

World News Today: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री स्मृति ईरानी ने विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन के साथ सोमवार को सऊदी अरब में भारतीय हज यात्रियों को सेवा प्रदान करने वाले भारतीय स्वयंसेवकों से मुलाकात की और भारत के उमरा तीर्थयात्रियों के साथ भी बातचीत की। ईरानी केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री भी हैं। उन्होंने सोमवार को मदीना की यात्रा की, जो इस्लाम के सबसे पवित्र शहरों में एक है।

भारत के उमरा तीर्थयात्रियों से ईरानी ने की बातचीत

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'मदीना की ऐतिहासिक यात्रा की, इस्लाम के सबसे पवित्र शहरों में से एक में पैगंबर की मस्जिद अल मस्जिद अल नबवी, उहुद के पहाड़ और पहली इस्लामी मस्जिद कुबा की यात्रा शामिल है।' एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय स्वयंसेवकों से बातचीत की, जो हज 2023 समेत भारतीय हज यात्रियों को निस्वार्थ सेवा प्रदान करते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने भारत के उमरा तीर्थयात्रियों के साथ भी बातचीत की।

हज एवं उमरा सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में लिया भाग

इसके बाद स्मृति ईरानी ने मंगलवार को तीसरे हज एवं उमरा सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में भाग लिया। ईरानी ने सऊदी अरब के हज एवं उमरा मामलों के मंत्री तौफीक बिन फौजान अल राबिया के साथ भारतीय हज यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहयोग के लिए संभावनाओं पर चर्चा की। ईरानी के साथ विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन भी थे।

सुविधाओं और सेवाओं में सुधार पर हुई चर्चा

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सत्र के दौरान विचारों और सूचनाओं का आदान-प्रदान भारतीय हज यात्रियों के लिए इस यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने में उपयोगी साबित होगा। बयान में कहा गया, 'हज, 2024 के दौरान भारतीय हज यात्रियों के लिए सुविधाओं और सेवाओं में सुधार और करीबी सहयोग की गुंजाइश पर मक्का क्षेत्र के डिप्टी गवर्नर और हज एवं उमरा मंत्री के साथ भी चर्चा हुई।'

भारतीय हज यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर चर्चा

ईरानी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'सऊदी के हज एवं उमरा मामलों के मंत्रालय के विनम्र निमंत्रण के लिए आभारी हूं, जो हमारे साझा मूल्यों के महत्व को रेखांकित करता है। प्रिंस सऊद बिन मिशाल बिन अब्दुलअजीज अल सऊद और हज एवं उमराह मंत्री तौफीक बिन फौजान अल राबिया के साथ एक अच्छी बैठक हुई। हज, 2024 के दौरान भारतीय हज यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर चर्चा की गई।'

भारत और सऊदी अरब ने रविवार को एक द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत नयी दिल्ली को 2024 की वार्षिक हज यात्रा के लिए 1,75,025 तीर्थयात्रियों का कोटा आवंटित किया गया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article