गुजरात के बनासकांठा जिले में राजस्थान बॉर्डर के नजदीक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक ‘स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी) और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। इतना ही नहीं तीन लोग घायल भी हो गए हैं। अमीरगढ़ पुलिस थाने के निरीक्षक पी डी गोहिल ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मरने वालों में एक महिला भी शामिल है। यह दुर्घटना अबू-पालनपुर राजमार्ग पर इकबालगढ़ गांव के निकट शाम लगभग सात बजे हुई।
कब और कहां हुआ हादसा
पुलिस ने प्रारंभिक जांच हवाला देते हुए कहा कि हादसा तब हुआ जब गुजरात से राजस्थान की ओर जा रहे ट्रक ने डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा से आ रही एक एसयूवी को टक्कर मार दी। अमीरगढ़ पुलिस थाने के निरीक्षक पी डी गोहिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि एययूवी सवार राजस्थान के नौ व्यक्ति एक मरीज के इलाज के लिए पालनपुर जा रहे थे। तभी इकबालगढ़ के निकट यह हादसा हो गया।
डिवाइडर पार कर दूसरी ओर से आ रही एययूवी से टकराया ट्रक
गोहिल ने कहा कि इकबालगढ़ के निकट हुई यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि एययूवी सवार लोग जब तक कुछ समझ पाते उनके प्राण पखेरू उड़ गए। इस दुर्घटना में एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई।
मामला दर्ज, फरार ट्रक चालक का लगाया जा रहा पता
पी डी गोहिल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। एसयूवी में सवार एक महिला और दो घायल पुरुषों को आनन-फानन में निकटवर्ती एक अस्पताल में ले जाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। अभी हादसे की मुख्य वजह ट्रक चालक की लापरवाही मानी जा रही है। फरार ट्रक चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
