देश

हर तरफ बिखरे जूते, टूटे हुए पोल और कचरे का ढेर...करूर में किस तरह त्रासदी में बदल गया जोश और जश्न का माहौल

टीवीके का झंडा अभी भी घटनास्थल पर एक ऊंचे खंभे पर लहरा रहा था और बड़े-बड़े स्पीकर बॉक्स और मेगा लाइटें फटे हुए पोस्टर जैसे पार्टी प्रचार सामग्री के विशाल ढेर के बीच लावारिस पड़ी थीं। टीवीके कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस बारे में कुछ भी कहना नहीं चाहते हैं कि उनकी योजना में कहां गलती हुई।

Image

तमिलनाडु में एक्टर विजय की रैली में भगदड़ (TVK/ANI)

Karur Stampede: जूतों और चप्पलों के ढेर, कुचली हुई पानी की बोतलें, फटे हुए पार्टी के झंडे, कपड़ों के टुकड़े, टूटे हुए डंडे, पार्टी पॉपर्स से छिटके कागज के टुकड़े और तरह-तरह का कूड़ा-कचरा। सुबह-सुबह टहलने वाले और दूध व जरूरी सामान खरीदने निकले लोग जब टीवीके प्रमुख विजय द्वारा संबोधित महारैली स्थल की एक मुख्य सड़क से गुजरे, तो उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि पिछली रात क्या-क्या हुआ था। कई लोग जो जल्दी सो गए थे या जिन्होंने समाचार नहीं सुना था, यह देखकर स्तब्ध थे कि 39 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए।

घटनास्थल को देख लोग हैरान

जब कुछ वीडियोग्राफर भगदड़ वाली जगह का वीडियो बना रहे थे, जो अब 'पुलिस-डू नॉट क्रॉस' जैसे लंबे टेपों से घिरी हुई है, अब आम जनता के लिए बंद थी। कुछ बुज़ुर्ग लोगों के समूह वहां मौजूद फोटो-पत्रकारों से भगदड़ के बारे में हैरत से पूछताछ कर रहे थे। टीवीके का झंडा अभी भी घटनास्थल पर एक ऊंचे खंभे पर लहरा रहा था और बड़े-बड़े स्पीकर बॉक्स और मेगा लाइटें फटे हुए पोस्टर जैसे पार्टी प्रचार सामग्री के विशाल ढेर के बीच लावारिस पड़ी थीं। टीवीके कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस बारे में कुछ भी कहना नहीं चाहते हैं कि उनकी योजना में कहां गलती हुई।

'निचले नाले' में धकेल दिए गए लोग

भगदड़ वाली जगह पर मौजूद भीड़ में शामिल एक युवक, जो काफी मशक्कत के बाद वहां से सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा, उसने दावा किया कि कई लोग एक साथ बाहर निकलने की कोशिश में सड़क किनारे एक 'निचले नाले' में धकेल दिए गए। उन्होंने अफसोस जताया कि अपने आइडल के स्वागत के लिए शुरू हुआ उत्सव एक त्रासदी में बदल गया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, जब प्रशंसक विजय का नाम जप रहे थे, तो कई लोगों को पता ही नहीं चला कि भगदड़ मची है और लोग गिर गए। जिन लोगों ने गिरे हुए लोगों पर अपने पैर रखे, उनमें से भी कई लोग लड़खड़ाकर गिर गए।

विजय के राज्यव्यापी दौरे से बाद से भीड़

भगदड़ के कारण के बारे में कई लोगों के अपने-अपने दावे थे और यह स्पष्ट नहीं है कि क्या हुआ; चाहे वह आयोजन स्थल का चुनाव हो या फिर भीड़भाड़, किसी को असली बात नहीं पता कि कैसे हादसा हुआ। विजय द्वारा 13 सितंबर को राज्यव्यापी दौरे की शुरुआत के बाद से ही भीड़ देखी जा रही थी। आयोजन स्थल पर लोगों ने बैरिकेडिंग और घेरा बनाने के लिए इस्तेमाल की गई टिन की चादरों को हटा दिया और पास की फूस की छतों पर चढ़े कई लोग गिरकर घायल हो गए। लगभग उसी समय, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। हालांकि, भीड़ में फंसे और गिरे लोग समझ नहीं पा रहे थे कि क्या हो रहा है। इनमें बच्चे भी शामिल थे।

बुजुर्ग ने कहा, कभी भगदड़ में इतने लोग मरते नहीं देखे

70 वर्ष से अधिक आयु के एक वरिष्ठ नागरिक ने कहा कि उन्होंने किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम में भगदड़ में इतने लोगों को मरते हुए कभी नहीं देखा और उन्होंने युवाओं में अभिनेता विजय को देखने की बेचैनी के लिए दोषी ठहराया। करूर सरकारी अस्पताल के कर्मचारी भी घायलों को लाने वाली एम्बुलेंसों के लगातार बजते सायरन से घबरा गए और पुलिस ने पीड़ितों को उपचार कक्ष तक पहुंचाने में मदद की।

कई परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया

जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया था, वे यकीन ही नहीं कर पा रहे थे कि उन्होंने अपने प्यारे बच्चों को खो दिया है और वे गमगीन थे। अपने निश्चल बच्चों को गोद में लिए रोते हुए युवक-युवतियों के दृश्य देखकर दिल दहल गया। सरकार के अनुसार, 39 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 12 पुरुष, 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। शवगृह में, मृतकों के परिजन रात भर विलाप करते रहे और उनकी सिसकियों की आवाज दूर से, यहां तक कि परिसर के प्रवेश द्वार के पास से भी सुनी जा सकती थी।

इसके अलावा, भगदड़ के लगभग एक घंटे बाद पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से बची हुई भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। भगदड़ के बाद, विजय कार्यक्रम स्थल से चले गए और तिरुचिरापल्ली तथा चेन्नई हवाई अड्डों पर इंतजार कर रहे पत्रकारों से नहीं मिले। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, मेरा दिल टूट गया है, मैं असहनीय, अकथनीय पीड़ा और दुख में हूं। अभिनेता ने आगे कहा कि वह अस्पतालों में इलाज करा रहे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने करूर में मारे गए मेरे प्यारे भाइयों और बहनों" के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article