देश

Weather News: उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी से नहीं राहत, अधिकतर क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों में पड़ेगा घना कोहरा

Weather News:आईएमडी के अनुसार, राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

Image

कड़ाके की सर्दी से नहीं राहत (फाइल फोटो: istock)

उत्तर भारत के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार को कड़ाके की सर्दी की स्थिति रही, हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा।दिल्ली में कुछ समय के लिए कोहरे के कारण दृश्यता बाधित रही, साथ ही उत्तर प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी ऐसी स्थिति रही।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 दिसंबर तक उत्तरी राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।

आईएमडी के अनुसार, राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक था, जबकि अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से कम था।मौसम विभाग ने बताया कि पालम में सुबह आठ बजे मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता सबसे कम 150 मीटर दर्ज की गई और धीरे-धीरे इसमें सुधार होने के बाद सुबह 9:30 बजे तक 400 मीटर हो गई।

क्रिसमस के दिन (25 दिसंबर) दिल्ली में तापमान 'सामान्य के करीब' रहने का अनुमान है, आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और सुबह के समय हल्का कोहरा रहने का पूर्वानुमान है।पंजाब और हरियाणा में सोमवार को भी शीतलहर का असर जारी रहा, हालांकि कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से कुछ डिग्री अधिक था।

स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 8.9 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 9 डिग्री सेल्सियस रहा।कश्मीर में हाल में हुई वर्षा के कारण रात के तापमान में वृद्धि और दिन के तापमान में गिरावट आई है और मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में बर्फबारी या बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।हिमाचल प्रदेश में स्थानीय मौसम विज्ञान स्टेशन ने भाखड़ा बांध (बिलासपुर) के जलाशय क्षेत्र के कुछ हिस्सों, ऊना जिले के कुछ हिस्सों और बल्ह घाटी (मंडी) के कुछ हिस्सों में 26 दिसंबर तक सुबह तड़के या सुबह और देर रात के दौरान घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

शिमला मौसम विभाग ने कहा कि 28 दिसंबर को ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है।जम्मू कश्मीर में 23 से 27 दिसंबर और फिर 28 दिसंबर को छिटपुट से लेकर काफी व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी,जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 22 और 28 दिसंबर को अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट से लेकर घना कोहरा

मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार सुबह राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट से लेकर घना कोहरा छाया रहा। उन्होंने बताया कि पाली में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सिरोही में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा।आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, रात और सुबह के समय (विशेष रूप से पंजाब में 27 दिसंबर तक और उत्तर प्रदेश में 23 दिसंबर तक) साथ ही 25 से 28 दिसंबर तक घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 से 27 दिसंबर तक भी यही स्थिति रहेगी।

23 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना

इसके अलावा, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के कुछ अलग-थलग इलाकों में 22 से 27 दिसंबर तक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 22 से 29 दिसंबर तक और बिहार और ओडिशा में 22 से 27 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। राजस्थान, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तरी मध्य प्रदेश में भी 23 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article