देश

Anju Vs Seema: शिकंजे में सीमा हैदर, तो अंजू बना रही वादियों में इंस्टा रील, कहानी में अनगिनत ट्विस्ट

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 26, 2023, 04:23 PM IST

करीब 2 महीने पहले सीमा हैदर नेपाल के रास्ते भारत आई और सचिन के साथ रहने लगी। वहीं, अंजू कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान गई और 25 जुलाई 2023 को नसरुल्लाह से शादी कर ली।

Image

सीमा और अंजू की कहानी में कई ट्विस्ट

Anju Vs Seema: देश में इन दिनों पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर और भारत से पाकिस्तान गई अंजू की चर्चा जोरों पर है। दोनों की कहानी लगभग एक जैसी ही है। सीमा को पबजी पर नोएडा के सचिन से प्यार हो गया तो अंजू को फेसबुक पर नसरुल्लाह मिल गया। करीब 2 महीने पहले सीमा हैदर नेपाल के रास्ते भारत आई और सचिन के साथ रहने लगी। दोनों ने नेपाल में शादी भी की। वहीं, अंजू कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान गई और 25 जुलाई 2023 को धर्म बदलकर नसरुल्लाह से शादी कर ली। भले ही दोनों कहानी एक जैसी दिखती है लेकिन इसमें कई ट्विस्ट हैं।

सीमा हैदर की कहानी

13 मई 2023 को पाकिस्तान की सीमा हैदर नेपाल के रास्ते भारत आई और ग्रेटर नोएडा के रघुपुरा में अपने प्रेमी सचिन के साथ रहने लगी। उसके साथ चार बच्चे भी आए। सीमा ने यहां आकर हिंदू धर्म भी कबूला। दोनों शादी करने की तैयारी में थे कि पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में जमानत पर छूटे तो एटीएस के रडार पर आ गए। दोनों से दो बार लंबी पूछताछ भी हो चुकी है।

भारत में अवैध तरीके से एंट्री लेकर रह रही पाकिस्तानी सीमा हैदर पर शिकंजा कसता जा रहा है। सीमा पर जासूस होने के आरोप लगे और इसके बाद जांच एजेंसियों ने उस पर शिकंजा कल दिया। सीमा के मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि वो बिना वीजा के भारत आई गई है। उसे वापस पाकिस्तान भेजने की भी बात उठने लगी है। लेकिन सीमा का कहना है कि मैं मर जाऊंगी लेकिन पाकिस्तान नहीं लौटूंगी।

वीजा लेकर पाकिस्तान गई अंजू

इसके उलट, अंजू वैध वीजा पर पाकिस्तान गई है। वह 21 जुलाई 2023 को पाकिस्तान पहुंची थी। लेकिन उसकी कहानी में भी कई ट्विस्ट हैं। अंजू ने कहा था कि उसकी फेसबुक पर नसरुल्लाह से मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे प्यार हो गया। अंजू के पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा पहुंचते ही नसरुल्लाह ने कहा कि उसकी अभी अंजू से शादी की कोई योजना नहीं है। मुलाकात के बाद अंजू वापस लौट जाएगी। लेकिन अगले ही दिन दोनों ने शादी कर ली।

उधर, अंजू के पिता ने भी दावा किया कि अंजू का मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ है और वह सनकी है। उन्होंने अपनी बेटी के फैसले पर गुस्से का भी इजहार किया। साथ ही कहा कि अंजू को नसरुल्लाह से प्यार बिल्कुल नहीं हो सकता। जब उन्हें मालूम चला कि अंजू ने फातिमा बनकर शादी की तो वे रो पड़े। उन्होंने कहा कि वे अंजू को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

तमाम दावों और कयासों के बीच अंजू ने अपने कदम से सभी को चौंका दिया। 25 जुलाई 2023 को अंजू धर्म बदलकर फातिमा बन गई और नसरुल्लाह से शादी कर सबको चौंका दिया। निकाह के लिए जाते हुए उसका वीडियो भी सामने आया। इसके अलावा नसरुल्लाह और अंजू की पाकिस्तान के खैबर की वादियों वाले वीडियो भी नजर आने लगे। नसरुल्लाह ने बकायदा घूमने-फिरने का ये वीडियो इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया।

दोनों शादीशुदा और इनके बच्चे हैं

सीमा और अंजू की कहानी में एक और समानता ये है कि दोनों ही शादीशुदा हैं और दोनों के बच्चे हैं। सीमा के चार बच्चे हैं तो अंजू के दो बच्चे हैं। लेकिन सीमा की तरह अंजू अपने बच्चों को पाकिस्तान लेकर नहीं गई। अंजू ने कहा है कि वह भारत जरूर लौटेगी लेकिन अपने पति से मिलने नहीं बल्कि बच्चों से मिलने के लिए आएगी। अंजू की 16 साल की बेटी और एक बेटा है।

दोनों के प्रेमी उम्र में छोटे

दोनों की कहानी में ये भी समानता है कि दोनों अपने प्रेमी से बड़ी उम्र के हैं। सीमा की उम्र 30 साल है, हालांकि वह अपनी उम्र 27 साल बता रही है। जबकि सचिन की उम्र 23 साल है। उसने सीमा के चारों बच्चों को अपना लिया है। वहीं, अंजू की उम्र 34 साल है जबकि नसरुल्लाह 29 साल का है। अंजू ने फिलहाल ये नहीं बताया है कि वह अपने बच्चों को लेकर पाकिस्तान आएगी या नहीं। दोनों बच्चे अपने मामा-मामी के पास रहते हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article