देश

शिवसेना के संसदीय दल के नेता पद से संजय राउत की हुई छुट्टी, जानें कौन हैं उनकी जगह लेने वाले गजानन कीर्तिकर

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 24, 2023, 11:51 AM IST

Gajanan Kirtikar : पिछले साल एकनाथ शिंद ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से बगावत कर दी। बाद में शिंदे 40 से ज्यादा विधायकों को लेकर अलग हो गए। भारतीय जनता पार्टी के सहयोग से वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनी। शिवसेना के नाम और निशान की लड़ाई पहले चुनाव आयोग और फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंची।

Image

शिवसेना संसदी दल के नेता पद से हटाए गए संजय राउत।

Photo : PTI

Gajanan Kirtikar : शिवसेना नेतासंजय राउत को झटका लगा है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उन्हें संसदीय पार्टी के नेता पद से हटा दिया है। शिंदे ने लोकसभा सांसद गजानन कीर्तिकर को उनकी जगह नियुक्त किया है। लोकसभा के स्पीकर ओम बिड़ला और राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ को लिखे पत्र में शिवसेना के नए प्रमुख शिंदे ने उन्हें अवगत कराया है कि कीर्तिकर अब शिवसेना के संसदीय दल के नेता होंगे। बता दें कि लोकसभा में शिवसेना के 18 और राज्यसभा में तीन सांसद हैं।

लोकसभा के चार सांसद अभी उद्धव के साथ

लोकसभा में शिवसेना के 18 सांसद हैं, इनमें से चार सांसद अभी भी उद्धव ठाकरे के साथ हैं। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राउत ने मुम्बई में कहा कि अगर वे पैसा स्वीकार कर लेते और घुटने टेक देते तब उन्हें इस पद पर बनाये रखा जाता। राउत ने कहा कि हमसे निष्ठा बदलने के बारे में पूछा गया था और मैंने कहा कि बालासाहब ठाकरे, उद्धव ठाकरे और शिवसेना को धोखा नहीं दे सकते। संसद भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित संसदीय पार्टी के कार्यालय में शिवसेना नेताओं ने गुरुवार को कीर्तिकर का स्वागत किया ।

शिवसेना की कमान अब शिंदे के हाथ में है

पिछले साल एकनाथ शिंद ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से बगावत कर दी। बाद में शिंदे 40 से ज्यादा विधायकों को लेकर अलग हो गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोग से वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनी। शिवसेना के नाम और निशान की कानूनी लड़ाई पहले चुनाव आयोग और फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंची। इन दोनों जगहों पर शिंदे विजयी हुए। अब शिवसेना की कमान शिंदे के हाथों में है। शिवसेना की कमान शिंदे द्वारा संभाले जाने के बाद से इस बात की चर्चा थी कि संसदीय दल के नेता पद से राउत की छुट्टी हो सकती है।

कौन हैं गजानन कीर्तिकर

गजानन कीर्तिकर की गिनती शिवसेना के पुराने नेताओं में होती है। वह मुंबई नॉर्थ ईस्ट से सांसद हैं। वह साल 1990 से 2009 तक मुंबई की मलाड सीट से विधायक रहे हैं। महाराष्ट्र की भाजपा-शिवसेना गठबंधन सरकार में वह गृह राज्य मंत्री भी रहे। साल 2014 में वह 16वीं लोकसभा के लिए चुने गए। लोकसभा के इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के गुरुदास कामत को करीब 1,83,000 वोटों से हराया। कीर्तिकर अर्थशास्त्र विषय में स्नातक हैं। इन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। कीर्तिकर शिवसेना के सांगठनिक पदों पर भी रहे हैं। वह संसद की कई समितियों के सदस्य हैं। कीर्तिकर बेल्जियम, मिस्र, जर्मनी, स्कॉटलैंड और ब्रिटेन का दौरा कर चुके हैं।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article