देश

तेलंगाना के मेडक में रिएक्टर विस्फोट, 12 लोगों की मौत , हवा में कई मीटर दूर उछलकर जा गिरे मजदूर

हैदराबाद के पाशमैलारम की औद्योगिक इलाकई में हुए विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 14 घायल लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Image

तेलंगाना में विस्फोट - प्रतीकात्मक फोटो

Explosion in Telangana Plant: हैदराबाद के पाशमैलारम में स्थित एक औद्योगिक इकाई में भीषण विस्फोट हुआ है, जिसमें 12 मजदूरों के मारे जाने की आशंका है और 20 अन्य घायल हो गए हैं। यह हादसा सुबह करीब 9 बजे सांगारेड्डी जिले के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में हुआ। इस विस्फोट के कारण सिगाची केमिकल्स परिसर में भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं, जो केमिकल फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।

12 लोगों के मरने की आशंका

पुलिस, दमकल सेवाओं और अन्य कर्मचारियों ने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया। घायलों को अस्पतालों में ले जाने के लिए एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद हैं। घायलों को सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 12 मजदूरों के घटनास्थल पर मारे जाने की आशंका है, जबकि एक घायल मजदूर की अस्पताल में मौत हो गई है।

हवा में उछलकर कई मीटर दूर जा गिरे कर्मचारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना जोरदार था कि मजदूर हवा में उछलकर कई मीटर दूर जा गिरे। कारखाने की इकाई विस्फोट के प्रभाव से ढह गई और आग पास की इमारत तक फैल गई। विस्फोट के समय कई मजदूर रिएक्टर के पास काम कर रहे थे। कारखाने में ओडिशा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के प्रवासी मजदूर काम करते थे। इस विस्फोट और आग से रासायनिक इकाई और आसपास के कारखानों में कर्मचारियों में दहशत फैल गई, जिसके बाद वे परिसर से बाहर भाग गए।

मलबे में दबे हो सकते हैं कुछ कर्मचारी

इस बीच, बचावकर्मी मलबे को हटाने के लिए अर्थमूवर का इस्तेमाल कर रहे हैं। आशंका है कि कुछ मजदूर मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। सांगारेड्डी जिला कलेक्टर पी. प्रवीण्या और पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज भी मौके पर पहुंचे और बचाव व राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारी और विभिन्न विभागों का स्टाफ भी बचाव कार्य में शामिल हुआ। अभियान जारी रहने के कारण अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

पीएम मोदी ने घटना पर शोक जताया

पीएम मोदी ने भी इस घटना पर शोक जताया है। इसे लेकर पीएमओ ने एक्स पर पोस्ट किया- तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article