देश

Sambhal News: रामनवमी पर संभल में निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के लगे नारे; पुलिस रही मुस्तैद

Sambhal News: संभल में राम नवमी के अवसर पर धूमधाम से राम नवमी का जुलूस निकाला गया। इस दौरान पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद दिखी। संभल उत्तर प्रदेश के संवेदनशील जिलों में से एक है। हाल ही में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान यहां हिंसा भड़की थी, जिसके बाद से विशेष धार्मिक आयोजनों और त्योहारों के समय जिले की सुरक्षा बढ़ा दी जाती है।

Image

संभल में रामनवमी का जुलूस

Photo : IANS

Sambhal News: देशभर में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के मौके पर रविवार को बहुत ही धूमधाम से रामनवमी मनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश के संभल में भी इसकी रौनक देखने को मिली। यहां भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। इस दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

भव्य शोभायात्रा निकाली गई

संभल में विश्व हिंदू परिषद द्वारा राम जन्म उत्सव और रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जय श्रीराम के जयघोषों के साथ महिलाएं, बुजुर्ग और विश्व हिंदू परिषद के सदस्य तथा पदाधिकारी शामिल हुए। शोभायात्रा में भगवान राम और हनुमान जी की झांकी निकाली गई। इस शोभायात्रा के मार्ग पर लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। शोभायात्रा के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

विश्व हिंदू परिषद का कार्यक्रम

इससे पहले, शोभायात्रा में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सोहन सोलंकी का भव्य स्वागत किया गया। परिषद के सदस्यों ने 'जय श्रीराम' के उद्घोष के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत समारोह में सोलंकी ने राम जन्मोत्सव के महत्व और हिंदू समाज की ऐतिहासिक संघर्ष यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। सोहन सोलंकी ने समाज में धार्मिक एकता और समरसता के लिए विहिप के प्रयासों की सराहना की। सोलंकी ने अपने संबोधन में बताया कि हिंदू समाज को अपनी संस्कृति और धर्म के प्रति जागरूक और समर्पित रहने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण किया जा सके।

सुरक्षा सख्त

उल्लेखनीय है कि संभल उत्तर प्रदेश के संवेदनशील जिलों में से एक है। हाल ही में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान यहां हिंसा भड़की थी, जिसके बाद से विशेष धार्मिक आयोजनों और त्योहारों के समय जिले की सुरक्षा बढ़ा दी जाती है।

IANS की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article