प्रयागराज

प्रयागराज: सिकंदरा में दरगाह की गेट पर भगवा झंडा लेकर चढ़े युवक, पुलिए ने लिया फौरन एक्शन; कठोर कार्रवाई की तैयारी

प्रयागराज जिल के एक दरगाह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक हाथ में भगवा झंडे लिए दरगाह पर चढ़े दिख रहे हैं।

Image

प्रयागराज पुलिस

Photo : Twitter

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगा नगर में बहरिया थाना अंतर्गत सिकंदरा में स्थित एक दरगाह के गेट पर कुछ युवक रविवार को कथित रूप से भगवा झंडे लेकर चढ़ गए और नारे लगाने लगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना प्रयागराज के कई इलाकों में रामनवमी का जुलूस निकाले जाने के बीच हुई है।

पुलिस ने लिया तत्काल एक्शन

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उन युवकों को गाज़ी मियां की दरगाह से हटाया। पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि इस दरगाह में पांच मजारें हैं और हिंदू और मुस्लिम श्रद्धालु यहां चादर चढ़ाने आते हैं।

कानूनी कार्रवाई जारी

उन्होंने बताया कि रविवार को कुछ युवकों ने दरगाह पर धार्मिक झंडा लहराते हुए नारेबाजी की तथा मौके पर तैनात पुलिस द्वारा इन युवकों को तत्काल रोका गया और वहां से हटाया गया। उनके मुताबिक, इस मामले में जांच कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस कर्मियों पर भी होगा एक्शन

गुनावत ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और इस प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि शांति व्यवस्था में विघ्न डालने वाले युवकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article