देश

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सामने आया समीकरण, RJD को पूर्ण समर्थन देगी SP

जनता दल-यूनाइटेड (JDU) के साथ गठबंधन को लेकर भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी फायदे के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम और चेहरे का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने का कोई इरादा नहीं है।

Image

अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि बिहार के आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को पूर्ण समर्थन देगी।उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किए गए 'घोटालों' को पूरे बिहार में उजागर किया जाएगा।यादव ने पत्रकारों से कहा, 'हम बिहार चुनाव में लालू प्रसाद यादव जी और तेजस्वी जी का पूरा समर्थन करेंगे। उत्तर प्रदेश में भाजपा द्वारा किए गए घोटालों का खुलासा बिहार में किया जाएगा और लोगों को सच्चाई बताई जाएगी।'

यादव ने दावा किया, 'वे (भाजपा) नीतीश कुमार जी के नाम और चेहरे का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन वे उन्हें फिर से मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे। हम एक बार उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाना चाहते थे, लेकिन अब देखिए- वह मुख्यमंत्री पद से ही ‘रिटायर’ हो जाएंगे। भाजपा उन्हें ‘रिटायर’ होने के लिए मजबूर करेगी।'

सत्तारूढ़ भाजपा और उसके वैचारिक रुख पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा, 'मैं केवल एक ही बात जानता हूं- सत्य का मार्ग ही धर्म का मार्ग है, वही सच्चा सनातन मार्ग है। जो लोग अन्याय करते हैं, भेदभाव करते हैं और बच्चों का राजनीति के लिए इस्तेमाल करते हैं, वे खुद को सनातनी नहीं कह सकते।'

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए उन्होंने कहा, 'आज की राजनीति में सिर्फ ‘भगवा वस्त्र’ पहनने से कोई ‘बाबा’ या योगी नहीं बन जाता। असली पहचान विचार और आचरण से होती है।' यादव ने भाजपा पर मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'वे बुनियादी समस्याओं पर चर्चा नहीं करना चाहते। लेकिन लोग इंतजार कर रहे हैं- उत्तर प्रदेश में 2027 का चुनाव ऐसा होगा जैसा आपने पहले कभी नहीं देखा होगा।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article