देश

गुजरात में भारी बारिश के बाद धंसी सड़क, कई जगह गिरे पेड़; जलभराव के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त

सूरत, अमरेली और वलसाड समेत गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। लगातार हो रही बाढ़ की वजह से भयंकर जलभराव हो गया है।

Image

गुजरात में सड़क धंसी

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • गुजरात के कई शहर जलमग्न
  • सूरत से लेकर अहमदाबाद तक में भारी बारिश
  • बारिश की वजह से कई शहर में जलजमाव

गुजरात में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। अहमदाबाद में जहां सड़क धंस गई है तो कई जगहों पर पेड़ गिर गए हैं, यातायात बाधित हो गई है। गुजरात में मॉनसून के दौरान जमकर बारिश हो रही है।

अहमदाबाद और सूरत में जलभराव

पीटीआई के अनुसार गुजरात के कई इलाकों में रविवार को भारी बारिश हुई जिससे अहमदाबाद और सूरत सहित कुछ शहरों में जलभराव के कारण सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण सूरत, भुज, वापी, भरूच और अहमदाबाद के निचले इलाकों में पानी भर जाने के कारण यातायात प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को कुछ सड़कों और अंडरपास से यात्रा करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पलसाना में रिकॉर्ड बारिश

सूरत जिले के पलसाना तालुका में मात्र दस घंटों में 153 मिमी बारिश हुई, जो राज्य में सबसे अधिक बारिश है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात में अगले चार दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि रविवार सुबह छह बजे से शाम चार बजे के बीच मात्र 10 घंटों में 43 तालुकों में 40 मिमी से अधिक बारिश हुई, जबकि पलसाना तालुका में 153 मिमी बारिश हुई। सूरत जिले के चार तालुकों बारदोली, सूरत शहर, कामरेज और महुवा में दस घंटों में क्रमशः 135 मिमी, 123 मिमी, 120 मिमी और 119 मिमी बारिश दर्ज की गई।

किस शहर में कितनी बारिश

गुजरात के वलसाड जिले के वापी में 117 मिमी, सूरत के ओलपाड में 116 मिमी, वलसाड तालुका में 102 मिमी, कपराडा में 90 मिमी, नवसारी के खेरगाम में 88 मिमी, भरूच तालुका में 86 मिमी, धरमपुर में 73 मिमी और मोरबी तालुका में 72 मिमी बारिश हुई। गुजरात के अहमदाबाद में सुबह छह बजे से शाम चार बजे के बीच 62 मिमी बारिश हुई, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया।

आगे भी गुजरात में भारी बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सौराष्ट्र क्षेत्र से सटे उत्तर-पूर्व अरब सागर पर चक्रवाती परिसंचरण के कारण गुजरात में भारी बारिश हो रही है। आईएमडी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि दक्षिण और मध्य गुजरात तथा सौराष्ट्र क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर अगले दो दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, दक्षिण गुजरात के वलसाड, नवसारी जिले तथा उत्तर गुजरात के बनासकांठा जिले में तीन से चार जुलाई के बीच भारी बारिश होने की संभावना है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article