New Parliament Building : नए संसद भवन का उद्घाटन हो जाने के बाद भी सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के बीच तकरार कम नहीं हुई है। अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने नए संसद भवन की डिजाइन की तुलना ताबूत से कर नए विवाद को जन्म दे दिया है। आरजेडी की इस तुलना पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) उस पर हमलावर है। भगवा पार्टी ने कहा कि जिस किसी व्यक्ति ने नए संसद भवन की डिजाइन की तुलना ताबूत से की है, उसके खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज ह होना चाहिए।
कोई और मिसाल दे सकते थे-ओवैसी
ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने भी आरजेडी को घेरा। ओवैसी ने कहा कि आरजेडी तुलना के लिए कोई और मिसाल दे सकती थी। सुनें ओवैसी ने क्या कहा-
नए संसद भवन की तस्वीर के साथ ताबूत का चित्र ट्वीट किया
आरजेडी ने रविवार को नए संसद भवन की तस्वीर के साथ एक ताबूत का चित्र ट्वीट किया। साथ ही उसने लिखा 'ये क्या है?' अपनी पार्टी की ओर से किए गए इस ट्वीट का बचाव करते हुए आरजेडी नेता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि 'ट्वीट में ताबूत का मतलब है कि लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। देश इसे स्वीकार नहीं करेगा। संसद लोकतंत्र का मंदिर है।'
तुलना करने वाले पर देशद्रोह का केस दर्ज हो-भाजपा
इस तरह की तुलना पर आरजेडी पर निशाना साधते हुए भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि 'नए संसद भवन की तुलना ताबूत से करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज होना चाहिए।' वहीं, भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि 'साल 2014 में देश की जनता आपको इसी ताबूत में बंद करके गाड़ देगी।'
आरजेडी का कोई स्टैंड नहीं-ओवैसी
वहीं, ओवैसी ने कहा, 'नए संसद भवन का उद्घाटन यदि लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला के हाथों हुआ होता तो यह ज्यादा अच्छा होता।' आरजेडी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए एआईएमआईएम नेता ने कहा कि 'आरजेडी का कोई स्टैंड नहीं है। पुरानी संसद के पास यहां तक कि दमकल विभाग की मंजूरी नहीं थी।आरजेडी के लोग संसद को ताबूत क्यों कह रहे हैं? वे कोई और मिसाल दे सकते थे। इसमें भी आप इस तरह के एंगल ले आते हैं।'
'गधे' चिल्लाने लगे
नए संसद भवन के उद्घाटन के बाद कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने इसकी आलोचना करने वाले लोगों पर निशाना साधा। उन्होंने अपने एक ट्वीट में कहा कि धर्म “दण्ड” स्थापित हो गया, देवता “पुष्प” बरसाने लगे और “गधे” चिल्लाने लगे।
