देश

भोपाल-रीवा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से टकराए निर्माणाधीन पुल के सरिये, सेवाएं हुईं बाधित

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि एक निर्माणाधीन पुल के निकट बड़ी संख्या में सरिये रखें हुए थे जो तेज आंधी के कारण रेलवे ट्रैक की ओर मुड़ गए।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर

Rewa-Bhopal Vande Bharat Express: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के निकट रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से रीवा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन एक निर्माणाधीन पुल के सरियों से टकरा गई, जिसके कारण इस रेलखंड पर सेवाएं तकरीबन दो घंटे बाधित रहीं। रेलवे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और ट्रेन के एक कोच की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

तेज आंधी के कारण रेलवे ट्रैक की ओर मुड़ गए

उन्होंने बताया कि यह घटना मंडीदीप और ओबेदुल्ला गंज रेलवे स्टेशन के बीच हुई। भोपाल-रीवा वंदे भारत ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से रीवा जा रही थी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि एक निर्माणाधीन पुल के निकट बड़ी संख्या में सरिये रखें हुए थे जो तेज आंधी के कारण रेलवे ट्रैक की ओर मुड़ गए। उन्होंने बताया कि उसी समय वहां से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस के दो डिब्बों से सरिये टकरा गए।

अधिकारी ने बताया कि आंधी और बारिश के कारण चूंकि ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, इसलिए सिर्फ डिब्बों की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हुईं। उन्होंने बताया कि इससे जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि यह घटना अपराह्न तीन बजकर 30 मिनट पर हुई और सब कुछ ठीक कर लगभग सवा पांच बजे वंदे भारत ट्रेन को रवाना कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद इस रेलखंड में रेलगाड़ियों का सुचारू संचालन किया जा रहा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article