Defamation Case Row: मानहानि केस में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को सजा सुनाए जाने के बाद कांग्रेस-बीजेपी में सियासी घमासान मच गया है। कांग्रेस ने इसे लेकर बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है। अब कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाकर पीएम मोदी को घेरने की योजना बनाई है। मामला 2018 का है जब पीएम मोदी ने संसद में कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी पर ऐसी टिप्पणी की थी जिस पर काफी हो-हल्ला मचा था।
रेणुका चौधरी ने किया ट्वीट
कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने कहा कि वह 2018 में संसद में की गई कथित 'सूर्पणखा' टिप्पणी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगी। रेणुका ने ट्वीट कर कहा कि देखते हैं अब अदालत कितनी तेजी से काम करती है। रेणुका ने नरेंद्र मोदी की इस टिप्पणी की क्लिप भी साझा की है जिसमें वह राज्यसभा के सभापति से कह रहे हैं कि रेणुका चौधरी को हंसने दिया जाए, क्योंकि ऐसी हंसी रामायण धारावाहिक के प्रसारण के कई दिनों बाद सुनाई पड़ी है।
रेणुका चौधरी ने गुरुवार को राहुल गांधी को 2019 के मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद कहा कि मुझे सदन के पटल पर सूर्पणखा कहा गया था। हालांकि, कांग्रेस नेता को सोशल मीडिया यूजर्स ने याद दिलाया कि पीएम मोदी ने सूर्पणखा शब्द का जिक्र नहीं किया था और वह संसद में दिए गए बयान पर अदालत का रुख नहीं कर सकतीं। रेणुका चौधरी ने ट्वीट किया, राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के लिए माफी नहीं मांगना चुना। उन्होंने फासीवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए माफी नहीं मांगी। उन्होंने सच बोलने के लिए माफी नहीं मांगी।
अदालत ने राहुल को सुनाई 2 साल की सजा
बता दें कि राहुल गांधी को 'सभी मोदी चोर होते हैं' बयान पर सूरत की अदालत ने दो साल की जेल की सजा सुनाई थी फिर इसे 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया था। अब उन्हें अदालत के आदेश के खिलाफ अपील करनी होगी। सूरत की अदालत के फैसले ने कई सवालों को जन्म दिया और विपक्षी नेताओं ने सरकार की निंदा की। विपक्ष ने सरकार पर ईडी, सीबीआई जैसी एजेंसियों, एफआईआर, मानहानि के मामलों के जरिए विपक्षी नेताओं की आवाज को चुप कराने का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर कांग्रेस शुक्रवार को संसद से विजय चौक तक विरोध मार्च निकाल रही है।
