देश

राहुल ने की बालासोर की छात्रा के पिता से बात, इंसाफ की लड़ाई में पूरी मदद का दिलाया भरोसा

राहुल ने कहा कि हम हर हाल में यह सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिले। राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी के सिस्टम ने इस लड़की की हत्या की है।

Image

राहुल ने की बालासोर की छात्रा के पिता से बात (File photo: ANI)

Photo : ANI

Rahul Gandhi Speaks To Balasore Student's Father: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ओडिशा के बालासोर में आत्मदाह करने वाली छात्रा के पिता से बुधवार को बात की और उन्हें न्याय की लड़ाई में पूरी मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ओडिशा के बालासोर में इंसाफ की लड़ाई में जान गंवाने वाली बहादुर बेटी के पिता से बात की। उनकी आवाज में बेटी का दर्द, सपना और संघर्ष सब महसूस किया। उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी और मैं हर कदम पर उनके साथ हैं। जो हुआ वह अमानवीय और शर्मनाक ही नहीं, पूरे समाज के लिए ज़ख्म है।

राहुल ने दिलाया इंसाफ का भरोसा

उन्होंने कहा, हम हर हाल में यह सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिले। राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी के सिस्टम ने इस लड़की की हत्या की है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस विषय पर चुप्पी नहीं साधनी चाहिए, बल्कि जवाब देना चाहिए।

छात्रा ने खुद को लगाई आग

बता दें कि कॉलेज के एक शिक्षक द्वारा यौन उत्पीड़न किए जाने के मामले में न्याय नहीं मिलने पर छात्रा ने 12 जुलाई को खुद को आग के हवाले कर दिया था। छात्रा ने तीन दिन तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सोमवार रात दम तोड़ दिया। वह बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज में एकीकृत बीएड पाठ्यक्रम की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। यौन उत्पीड़न के आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से आहत छात्रा ने शनिवार को यह कदम उठाया और वह 95 प्रतिशत तक झुलस गई थी। इस मामले में कॉलेज के प्राचार्य दिलीप घोष और शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष समीर कुमार साहू को गिरफ्तार किया जा चुका है। साहू पर छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

कांग्रेस ने 17 जुलाई को बुलाया बंद

इस घटना के बाद पूरा विपक्ष सरकार पर हमलावर है और न्याय की मांग कर रहा है। अन्य विपक्षी दलों ने भी घटना के विरोध में ओडिशा बंद बुलाया है। कांग्रेस नीत आठ विपक्षी दलों ने छात्रा की मौत के विरोध में 17 जुलाई को ओडिशा बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि बंद को वाम दलों सहित आठ दलों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने दावा किया कि बालासोर के कॉलेज में हुई यह घटना दर्शाती है कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा करने में नाकाम रही है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article