बिजनेस

8th Pay Commission: जेपी मॉर्गन की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, 1.83 हो सकता है फिटमेंट फैक्टर; जानें सैलरी और एरियर का पूरा गणित

8th Pay Commission: जेपी मॉर्गन के अनुसार, 8वें वेतन आयोग में 1.83 फिटमेंट फैक्टर हो सकता है। करीब 1.2 करोड़ कर्मचारियों-पेंशनर्स को कितनी मिलेगी सैलरी और एरियर, समझें पूरा हिसाब-किताब।

Image

8th Pay Commission: जानिए जेपी मॉर्गन की रिपोर्ट का अनुमान

Photo : iStock

8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए आठवें वेतन आयोग (8th CPC) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन (JP Morgan) की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने से सरकारी खजाने पर कुल 7.2 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। इस भारी-भरकम राशि का सीधा फायदा देश के करीब 1.2 करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिलेगा। रिपोर्ट में यह भी अनुमान लगाया गया है कि कुल भुगतान में से करीब 4 लाख करोड़ रुपये केवल एरियर (बकाया राशि) के रूप में दिए जाएंगे।

फिटमेंट फैक्टर और सैलरी में बढ़ोतरी का फॉर्मूला

कर्मचारी संगठन लंबे समय से फिटमेंट फैक्टर को 4.38 तक रखने की मांग कर रहे हैं, लेकिन जेपी मॉर्गन का मानना है कि यह केवल 1.83 के आसपास रह सकता है। इस आधार पर कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी में करीब 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जो कि 7वें वेतन आयोग के पैटर्न के बिल्कुल समान है। जेपी मॉर्गन ने यह गणना 60 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) को आधार मानकर की है, हालांकि वर्तमान में डीए 63 प्रतिशत है और आयोग की रिपोर्ट आने तक इसमें और इजाफा होना तय है। इस फॉर्मूले के तहत जब नई दरें लागू होंगी, तो कर्मचारियों के मासिक वेतन में औसतन 15,000 रुपये की वृद्धि होगी और उन्हें औसतन 3.40 लाख रुपये का एरियर मिल सकता है।

कब लागू होंगी सिफारिशें और क्या हैं अहम तारीखें?

रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार नवंबर 2027 में आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू कर सकती है। समय-सीमा की बात करें तो फरवरी 2027 में पेश होने वाले वित्त वर्ष 2028 के आम बजट पर सबकी निगाहें रहेंगी, जबकि आयोग की रिपोर्ट मई 2027 तक आने की संभावना है। अगर इसे लागू करने में किसी तरह की देरी होती है, तो पहला भुगतान फरवरी 2028 में हो सकता है। वहीं, अगर यह प्रक्रिया मार्च 2028 से आगे खिंचती है, तो पूरा भुगतान अगले वित्तीय वर्ष में चला जाएगा।

एरियर के भुगतान पर सरकार के पास क्या हैं विकल्प?

एरियर की राशि इस बात पर निर्भर करेगी कि सरकार आयोग की सिफारिशों को किस तारीख से प्रभावी मानती है। यदि इसे 1 जनवरी 2026 से लागू किया जाता है, तो कुल एरियर 4 लाख करोड़ रुपये होगा। लेकिन अगर प्रभावी तारीख 1 जनवरी 2027 कर दी जाती है, तो एरियर घटकर 1.8 लाख करोड़ रुपये रह जाएगा। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि यदि सरकार 2016 की तरह वित्त वर्ष 2028 में एकमुश्त एरियर देती है, तो उसे करीब 5 लाख करोड़ रुपये खर्च करने होंगे। इसके अलावा, अगर सरकार भत्तों (Allowances) पर एरियर न देने का फैसला करती है, तो एरियर का खर्च घटकर 3 लाख करोड़ रुपये और कुल बोझ 6.1 लाख करोड़ रुपये रह जाएगा।

सरकारी खजाने और जीडीपी पर असर

आठवें वेतन आयोग के तहत होने वाले 7.2 लाख करोड़ रुपये के कुल खर्च में से वित्त वर्ष 2028 में 2.5 लाख करोड़ रुपये (जीडीपी का 0.6 प्रतिशत) और वित्त वर्ष 2029 में 4.6 लाख करोड़ रुपये (जीडीपी का 1 प्रतिशत) खर्च होने का अनुमान है। यह आंकड़ा पिछले वेतन आयोगों की तुलना में अधिक है, क्योंकि छठे वेतन आयोग में अधिकतम खर्च जीडीपी का 0.65 प्रतिशत और सातवें वेतन आयोग में 0.77 प्रतिशत रहा था।

शेयर बाजार और अर्थव्यवस्था में आएगी तेजी

कर्मचारियों के हाथ में पैसा आने से देश की अर्थव्यवस्था और खास तौर पर कंज्यूमर सेक्टर को बड़ा बूस्ट मिलेगा। जेपी मॉर्गन ने पिछले अनुभवों के आधार पर बताया है कि छठे और सातवें वेतन आयोग के दौरान ऑटोमोबाइल (कार और दोपहिया वाहन), घरेलू उपकरण (Appliances), ज्वेलरी और कंज्यूमर लोन देने वाली कंपनियों के शेयरों ने बाजार से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया था। कैबिनेट की मंजूरी के 18 महीनों के भीतर ऑटो और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में करीब 20 प्रतिशत की तेजी देखी गई थी। वर्तमान में भी ऑटो (+6%) और ड्यूरेबल्स (+2%) सेक्टर मजबूती दिखा रहे हैं, जबकि रोजमर्रा के सामान वाले सेक्टर में 14 प्रतिशत की गिरावट है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पिछली तेजी में आर्थिक सुधारों का भी बड़ा योगदान था, इसलिए पूरी तेजी का श्रेय सिर्फ वेतन आयोग को नहीं दिया जा सकता।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article