शहर

Delhi News: तिहाड़ जेल में एक साथ मिला 11 किलो तंबाकू, जेल नंबर-1 में हड़कंप, स्टाफ भी जांच के घेरे में

दिल्ली की तिहाड़ जेल नंबर-1 में एक साथ 11 किलो तंबाकू बरामद होने से सनसनी फैल गई है। जेल के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में तंबाकू मिलने के बाद कुछ स्टाफ कर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है।

Image

तिहाड़ के जेल संख्या 1 की घटना (फाइल फोटो)

Photo : PTI

देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जेलों में शुमार दिल्ली की तिहाड़ जेल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, तिहाड़ जेल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब एक ही बार में 11 किलोग्राम तंबाकू बरामद किया गया है। यह खेप जेल नंबर-1 में मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। इतनी भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री का जेल के भीतर पहुंचना सुरक्षा इंतजामों और अंदरूनी निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

जेल नंबर-1 में मिली बड़ी खेप, स्टाफ पर भी नजर

सूत्रों के मुताबिक, जेल नंबर-1 के भीतर 11 किलो तंबाकू की बरामदगी के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में जेल के कुछ स्टाफ कर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई गई है। जेल अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि कड़ी सुरक्षा और तलाशी प्रक्रियाओं के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में तंबाकू भीतर कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसकी मिलीभगत हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रोस्टर और आवाजाही से जुड़े रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

अंडरट्रायल कैदियों और कई बड़े गैंगस्टरों की मौजूदगी से बढ़ी चिंता

जेल नंबर-1 में ज्यादातर विचाराधीन कैदी बंद हैं, साथ ही इस हिस्से में कई बड़े और कुख्यात गैंगस्टरों के भी रखे जाने की बात सामने आती है। ऐसे में जेल के भीतर प्रतिबंधित सामान या तंबाकू जैसी सामग्री की इतनी बड़ी खेप मिलना सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है। प्रशासन अब यह भी खंगाल रहा है कि इस तंबाकू को जेल के भीतर किन माध्यमों से पहुंचाया गया और इसके वितरण या इस्तेमाल का नेटवर्क किस स्तर तक जुड़ा था। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई किए जाने की संभावना है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article