देश

सत्य निकेतन हादसे से आदिवासी छात्रों तक… ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने स्टूडेंट्स से क्या की अपील?

राहुल गांधी 19 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस पहल के जरिए छात्रों की समस्याएं, उनकी परेशानियां और भविष्य से जुड़ी चिंताओं को सुना जाएगा। छात्रों से पूछा गया है कि उन्हें अपने सपने पूरे करने से क्या रोक रहा है।

Image

छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने स्टूडेंट्स की खास अपील। Congress x handle

देश में शिक्षा व्यवस्था और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक नए कार्यक्रम के तहत छात्रों से सीधे संवाद करने जा रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ नाम से शुरू की गई इस पहल के तहत राहुल गांधी 19 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश के इंदौर पहुंचेंगे और छात्रों की समस्याएं, उनकी परेशानियां और भविष्य को लेकर उनकी चिंताएं सुनेंगे।

राहुल गांधी ने देश के छात्रों के साथ संवाद करते वीडियो मैसेज के जरिए कहा, "इस कार्यक्रम का लक्ष्य है कि देशभर के छात्रों का मांग, उनकी परेशानियां, डर देश के सामने रखना। यह कार्यक्रम देश के छात्रों की आवाज है। चाहे वो आदिवासी छात्र हो, भूख हड़ताल पर बैठे छात्र हो। हाल ही में दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग ढहने की घटना हो, जिसमें कई छात्रों की मौत हो गई।" उन्होंने आगे कहा कि आज के समय सच्चाई है कि भारत के छात्र, देश के शिक्षा व्यवस्था से उम्मीद खो बैठे हैं। हम चाहते हैं कि छात्र अपनी राय हमशे साझा करें कि क्या किया जाए, जिससे देश की शिक्षा व्यवस्था बेहतर हो।

कार्यक्रम को लेकर जारी संदेश में कहा गया है कि देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था ने युवाओं की उम्मीदों को प्रभावित किया है और बड़ी संख्या में छात्र अपने भविष्य को लेकर परेशान हैं। इसी मुद्दे को सामने लाने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ के जरिए अलग-अलग हिस्सों के छात्रों की आवाज सुनी जा रही है। संदेश में राहुल गांधी को छात्रों की आवाज उठाने वाला नेता बताते हुए कहा गया है कि वह देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं। इसी क्रम में अब उनका कार्यक्रम इंदौर में प्रस्तावित है।

छात्रों से पूछा गया- सपने पूरे करने से क्या रोक रहा है?

‘छात्रों की गूंज’ के तहत छात्रों से उनकी व्यक्तिगत परेशानियों और भविष्य से जुड़ी चुनौतियों के बारे में अपनी बात साझा करने की अपील की गई है। छात्रों से खास तौर पर यह सवाल पूछा गया है कि आखिर उन्हें अपने सपने पूरे करने से क्या रोक रहा है? इस पहल के जरिए छात्रों की आवाज को सीधे राहुल गांधी तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, अवसरों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे उठने की संभावना है।

19 सितंबर को इंदौर में कार्यक्रम

राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम 19 सितंबर 2026 को इंदौर, मध्य प्रदेश में होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को अपनी बात रखने के लिए एक मंच देना और उनकी चिंताओं को सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा बनाना बताया गया है। कांग्रेस की ओर से इस पहल को युवाओं और छात्रों से सीधे जुड़ने की कोशिश के तौर पर पेश किया जा रहा है। आने वाले दिनों में कार्यक्रम से जुड़ी अन्य जानकारियां और राहुल गांधी के संवाद का विस्तृत कार्यक्रम सामने आ सकता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article