भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को राहुल गांधी को सशस्त्र बलों का अनादर करने के मामले में 'आदतन झूठ बोलने और कानून का उल्लंघन करने वाला' बताया।भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात के बाद चीन मुद्दे से निपटने के सरकार के तरीके पर कांग्रेस नेता के 'सर्कस' कटाक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें 'विदेश नीति का एफ' तक नहीं पता है, लेकिन वह सवाल उठाते रहते हैं।
आलोक ने कहा, 'जब हमारे विदेश मंत्री एससीओ बैठक के लिए चीन जाएंगे और अगर वह अपने चीनी समकक्ष और देश के राष्ट्रपति से नहीं मिलेंगे, तो वह किससे मिलेंगे? इटली की प्रधानमंत्री से?'
सशस्त्र बलों के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर दायर मानहानि के मामले में पेश होने के बाद लखनऊ की एक अदालत द्वारा गांधी को जमानत दिए जाने के दो दिन बाद आलोक ने लोकसभा में विपक्ष के नेता को 'आदतन झूठ बोलने और कानून का उल्लंघन करने वाला' बताया।
उन्होंने कहा कि गांधी अक्सर सशस्त्र बलों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते रहे हैं और विपक्षी नेता पर हमला करने के लिए उन्होंने 'खून की दलाली' और 'चीनी हमारे सैनिकों को पीट रहे हैं' जैसी कांग्रेस नेता की टिप्पणियों का जिक्र किया।
