गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी के विदेश दौरे को और उनके बयानों को लेकर सीधा निशाना साधा है। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाते हैं और वहां पर भारत की आलोचना करते हैं। राहुल गांधी को अपने पूर्वजों से सीखना चाहिए।
गुजरात में कांग्रेस पर बरसे अमित शाह
केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर आयोजित रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि किसी भी देशभक्त व्यक्ति को भारत के भीतर भारतीय राजनीति पर चर्चा करनी चाहिए। किसी भी पार्टी के नेता का विदेश जाकर चर्चा करना शोभा नहीं देता। देश की राजनीति करो और देश की आलोचना करो।राहुल बाबा, आपको याद होगा कि देश की जनता इसे करीब से देख रही है।
राहुल पर साधा निशाना
अमित शाह ने दावा किया कि मोदी सरकार के तहत देश व्यापक बदलाव का गवाह बना है, लेकिन कांग्रेस भारत-विरोधी बातें करना नहीं बंद करती। उन्होंने कहा-"राहुल बाबा गर्मियों से बचने के लिए छुट्टियां मनाने विदेश जा रहे हैं। वह विदेश में देश की आलोचना करते रहते हैं। मैं राहुल गांधी को सलाह देना चाहूंगा कि वह अपने पूर्वजों से सीखें।"
गिनाईं उपलब्धियां
गृह मंत्री ने दावा किया कि आर्थिक स्थिति में सुधार हो या देश को डिजिटल रूप से जोड़ना हो, समाज कल्याण की परियोजनाओं को लागू करना हो या कोविड-19 टीकाकरण और बुनियादी ढांचा हो, भारत हर मामले में दुनिया में उम्मीद का केंद्र बन गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि मनमोहन-सोनिया के 10 साल की तुलना मोदी के 10 साल से करने पर पता चलेगा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के 10 साल में सिर्फ भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन, आर्थिक पतन, आतंकवाद और खराब कानून-व्यवस्था थी।
