देश

'माफिया बन गए हैं प्राइवेट टैंकर, हमें जीताइए इनके घर की सप्लाई काट देंगे' BMC चुनाव में ओवैसी की ललकार

ओवैसी ने कहा, 'यहां पीने के पानी के लिए निजी वाटर टैंकरों का इस्तेमाल किया जाता है। आज ये निजी टैंकर एक माफिया बन चुके हैं। हमारे उम्मीदवारों को जिताइए, और हम उन लोगों के घरों की पानी की सप्लाई काट देंगे जिन्होंने आपको पानी से वंचित रखा है। बीएमसी चुनाव के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी।

Image

एआईएमआईएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

BMC Polls 2026: बृह्नमुंबई महानगरपालिका चुनाव में स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय मुद्दे तक उठाए जा रहे हैं। इन मुद्दों के जरिए नेता मतदाताओं को अपनी तरफ आकर्षित करने में जुटे हैं। इसी क्रम ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने प्राइवेट पानी टैंकर्स का मुद्दा उठाया है। अकोला में लोगों को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि प्राइवेट टैंकर्स माफिया बन गए हैं और लोग उनकी पार्टी को यदि जीताते हैं तो वह इन माफियाओं के घर में होने वाली जलापूर्ति बंद कर देंगे।

निजी टैंकर एक माफिया बन चुके हैं-ओवैसी

ओवैसी ने कहा, 'यहां पीने के पानी के लिए निजी वाटर टैंकरों का इस्तेमाल किया जाता है। आज ये निजी टैंकर एक माफिया बन चुके हैं। हमारे उम्मीदवारों को जिताइए, और हम उन लोगों के घरों की पानी की सप्लाई काट देंगे जिन्होंने आपको पानी से वंचित रखा है और यह सुनिश्चित करेंगे कि पानी आपके घरों तक पहुंचे…मैं आप सभी से अपील करता हूं कि 15 जनवरी को पतंग के चुनाव चिन्ह पर वोट दें।'

फणडवीस ने उठाया घुसपैठियों का मुद्दा

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली महायुति गठबंधन मुंबई से "बांग्लादेशी घुसपैठियों" की पहचान कर उन्हें निर्वासित करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि देश की आर्थिक राजधानी को एक ऐसा महापौर मिले जो मराठी और हिंदू हो। वह 15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनावों के लिए भाजपा-शिवसेना गठबंधन की पहली रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव इस शहर के भविष्य का निर्धारण करेगा।

'घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजेंगे'

उन्होंने कहा, 'हम मुंबई में बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करेंगे और उन्हें वापस भेजेंगे, जिससे शहर अधिक सुरक्षित होगा। पिछले सात महीनों में कई बांग्लादेशियों को मुंबई से वापस भेजा जा चुका है और हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक कि सभी घुसपैठियों को निर्वासित नहीं कर दिया जाता।' फडणवीस ने महापौर पद का जिक्र करते हुए कहा, 'उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मैंने यह स्पष्ट कर दिया है कि मुंबई को एक मराठी-हिंदू महापौर मिलेगा। कुछ लोगों ने बुर्का पहनी महिला के महापौर बनने की बात कही, लेकिन मराठी गौरव का दावा करने वालों ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई। हमारा रुख स्पष्ट है। एक मराठी-हिंदू ही मुंबई का महापौर होगा।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article