देश

Gorakhpur: पीएम मोदी के स्वागत को गोरक्षनगरी बेकरार, अगवानी को सीएम ने डेरा डाला

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Jul 6, 2023, 09:31 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार यानी 7 जुलाई को दोपहर बाद गोरखपुर आएंगे, इसके मद्देनजर पीएम की भव्य अगवानी को सीएम ने डेरा डाला रखा है, उन्होंने एयरपोर्ट से गीता प्रेस और रेलवे स्टेशन तक पीएम रूट का लिया जायजा वहीं गीता प्रेस व रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक का सघन निरीक्षण किया।

Image

गोरखपुर में पीएम की भव्य अगवानी को सीएम ने डेरा डाला रखा है

KEY HIGHLIGHTS
  • इतिहास रचने आएंगे पीएम मोदी, स्वागत को गोरक्षनगरी बेकरार
  • शुक्रवार दोपहर बाद गोरखपुर आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे अगवानी

गुरु गोरखनाथ की साधनास्थली गोरखपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भव्य अगवानी के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके आगमन के एक दिन पूर्व ही डेरा डाल दिया है। प्रधानमंत्री को गीता प्रेस व रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में सम्मिलित होना है, इन दोनों कार्यक्रम स्थलों पर जाकर मुख्यमंत्री ने सघन मुआयना किया। सीएम ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया है दोनों स्थानों के समारोह यादगार और उपलब्धियों से पूर्ण होंगे इसलिए इसे भव्य व ऐतिहासिक बनाने में सभी को पूरे मनोयोग से जुटना है।

गुरुवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से पीएम रूट का निरीक्षण करते हुए गीता प्रेस आए। प्रधानमंत्री यहां गीता प्रेस शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगे। गीता प्रेस में सीएम योगी ने मंच, गणमान्यजन दीर्घा, लीलाचित्र मंदिर आदि की व्यवस्था देखी। यहां मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था व अन्य इंतजामों की भी जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। कहा कि पीएम के आगमन से जुड़ी तैयारियों में कहीं भी कोई चूक नहीं होनी चाहिए।

पीएम मोदी वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे

गीता प्रेस का निरीक्षण करने के उपरांत मुख्यमंत्री उसी रास्ते से रेलवे स्टेशन पहुंचे जिस रास्ते कल शुक्रवार को प्रधानमंत्री को जाना है। रूट का हाल जानते हुए वह स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर गए। यहां रेलवे व प्रशासन के अफसरों से अब तक हुई तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली। पीएम मोदी इसी प्लेटफार्म से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही स्टेशन रिमॉडलिंग परियोजना का शिलान्यास करेंगे।

सनातन साहित्य के प्रकाशन की वैश्विक ख्याति वाली संस्था गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में भाग लेने के लिए आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक स्वागत करने को गोरक्षनगरी पूरी तरह से तैयार और बेकरार है। गीता प्रेस पहुंचकर पीएम मोदी एक नया इतिहास भी रचेंगे। किसी भी प्रधानमंत्री का यह गीता प्रेस में प्रथम आगमन होगा। गोरखपुर दौरे पर पीएम मोदी रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही उनके द्वारा 693 करोड़ रुपये की लागत वाली रेलवे स्टेशन रिमॉडलिंग परियोजना का भी शिलान्यास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री शुक्रवार (7 जुलाई) को दोपहर बाद गोरखपुर आएंगे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी अगवानी के लिए पहले से गोरखपुर में रहेंगे। गोरखपुर आगमन पर वो सबसे पहले गीता प्रेस पहुंचेंगे। यहां आयोजित शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में वह बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होंगे। पीएम मोदी गीता प्रेस में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के साथ लीलाचित्र मंदिर का अवलोकन करेंगे। साथ ही उनके हाथों श्री शिव महापुराण के आर्ट पेपर पर प्रकाशित रंगीन चित्रमय विशिष्ट अंक का विमोचन भी होगा।

गीता प्रेस का अक्स लिए स्टेशन का यह भवन अंदर एयरपोर्ट और शॉपिंग मॉल जैसी सुविधाओं से युक्त

गीता प्रेस के कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां वह वाया अयोध्या गोरखपुर से लखनऊ तक चलने वाली तीव्र गति व अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री रेलवे स्टेशन के कायाकल्प वाली रिमॉडलिंग परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे। रिमॉडलिंग का यह प्रोजेक्ट हाईटेक आधुनिकता और विरासत का संगम बनेगा। 693 करोड़ रुपये की इस परियोजना की पूर्णता के बाद गोरखनाथ मंदिर, गीता प्रेस का अक्स लिए स्टेशन का यह भवन अंदर एयरपोर्ट और शॉपिंग मॉल जैसी सुविधाओं से युक्त होगा।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article