Budget Session: संसद के बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी और फिर अगले दिन शनिवार एक फरवरी को आम बजट पेश किया जाएगा। सोमवार से लोकसभा और राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा शुरु हो जाएगी।
संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा की संक्षिप्त बैठक होगी। इसी दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। एक फरवरी को सीतारमण, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट और बतौर वित्त मंत्री लगातार अपना आठवां बजट पेश करेंगी।
धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा
सोमवार से दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरु हो जाएगी। लोकसभा ने इसके लिए फिलहाल दो दिन (3-4 फरवरी) आवंटित किए हैं, जबकि राज्यसभा ने बहस के लिए तीन दिन निर्धारित किए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह फरवरी को राज्यसभा में बहस का जवाब दे सकते हैं।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने बजट सत्र के सुचारू संचालन के मद्देनजर चर्चा के लिए 30 जनवरी को संसद में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बजट सत्र के पहले चरण में 31 जनवरी से 13 फरवरी तक नौ बैठकें प्रस्तावित हैं।
