देश

'बाबरी मस्जिद' बनाने की तैयारी, मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में जुटी भारी भीड़, नींव के लिए ईंट लेकर पहुंचे लोग, हाई अलर्ट पर प्रशासन

मंच पर हुंमायू सहित मौलवी और मुस्लिम समुदाय के अन्य लोग उपस्थित थे। मंच से धार्मिक नारेबाजी भी की गई। कार्यक्रम में जमात के लोग भी दिखे। मंच पर लगे बैनर पर 'फाउंडेशन स्टोन लेइंग सेरेमनी ऑफ बाबरी मस्जिद' लिखा था। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने कहा कि वे हुंमायू कबीर का समर्थन करने आए हैं।

Image

मस्जिद की नींव रखने के कार्यक्रम में मुर्शिदाबाद पहुंचे लाखों लोग। तस्वीर-टाइम्स नाउ नवभारत

Murshidabad Babari Masjid : मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में 'बाबरी मस्जिद' की तर्ज पर शनिवार को मस्जिद की नींव रखी जानी है। मस्जिद के लिए नींव रखने का कार्यक्रम टीएमसी से निलंबित विधायक हुंमायू कबीर ने आयोजित किया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शनिवार सुबह से ही लोग बेलडांगा में जुटने लगे। एक व्यक्ति अपने सिर पर दो ईंट लेकर कार्यक्रम में पहुंचा। राजनीतिक रूप से यह मामला काफी संवेदनशील हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर हैं। हुंमायू का कहना है कि शुक्रवार देर शाम उनकी आला अधिकारियों के साथ बैठक हुई और मस्जिद की नींव रखने में प्रशासन उनकी मदद कर रहा है।

कार्यक्रम में दूर-दूर से आए लोग

शनिवार सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोग बंगाल के अलग-अलग इलाकों से पहुंचने लगे। दोपहर तक काफी भीड़ जमा हो गई। मंच पर हुंमायू सहित मौलवी और मुस्लिम समुदाय के अन्य लोग उपस्थित थे। मंच से धार्मिक नारेबाजी भी होती रही। कार्यक्रम में जमात के लोग भी दिखे। मंच पर लगे बैनर पर 'फाउंडेशन स्टोन लेइंग सेरेमनी ऑफ बाबरी मस्जिद' लिखा था। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने कहा कि वे हुंमायू कबीर का समर्थन करने आए हैं। मालदा, नदिया, वीरभूम से आए लोगों ने कहा कि आज उनके लिए खुशी का दिन है। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने कहा कि टीएमसी से हुंमायू को निकालकर ममता बनर्जी ने ठीक काम नहीं किया है।

तीन लाख लोगों के एकत्र होने का दावा

कबीर ने दावा किया है कि इस कार्यक्रम के लिए बेलडांगा स्थल पर तीन लाख लोग एकत्र होंगे। इस स्थल के चारों ओर उच्च सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 12 के दोनों ओर आरएएफ (द्रुत कार्य बल), जिला पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने इस मस्जिद के निर्माण में हस्तक्षेप करने से शुक्रवार को इनकार कर दिया था। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल की खंडपीठ ने प्रस्तावित मस्जिद के शिलान्यास समारोह पर रोक लगाने की अपील वाली जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद निर्देश दिया कि कानून और व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल सरकार की होगी।

इसी तारीख को अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराई गई

मस्जिद का शिलान्यास कार्यक्रम आज यानी छह दिसंबर को होना है। इसी तारीख को अयोध्या में बाबरी मस्जिद को ध्वस्त किया गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूरे दिन लगभग 3,000 कर्मियों को तैनात किया जाएगा और यदि राजमार्ग पर यातायात बाधित होने की संभावना बनती है तो इससे निपटने के लिए कई मार्ग परिवर्तन योजनाएं तैयार की गई हैं। इस बीच, राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने पश्चिम बंगाल के लोगों से शांति बनाए रखने और भड़काऊ बयानों एवं अफवाहों से प्रभावित न होने का आग्रह किया। बोस ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए कि कहीं भी कोई अशांति न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे।

सत्तारूढ़ पार्टी सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश फैलाने के लिए शनिवार को राज्य भर में रैली कर 'संहति दिवस' (एकता दिवस) मनाएगी। राज्य सरकार ने शांति और संयम का संदेश देते हुए इस दिन अवकाश घोषित किया है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article