देश

नम आंखों से प्रतीक यादव को अंतिम विदाई: ससुर ने दी मुखाग्नि, पिता का साया उठते देख बिलख पड़ीं दोनों मासूम बेटियां

Prateek Yadav's Last Rites: प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन हो गए, उनकी पत्नी अपर्णा के पिता अरविंद ने मुखाग्नि दी, इस दुखद मौके पर दोनों बेटियां भी मौजूद रहीं।

Image

प्रतीक यादव का हुआ अंतिम संस्कार

Prateek Yadav's Last Rites: समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर का बृहस्पतिवार को लखनऊ के ’बैकुंठ धाम’ में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी।प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में बुधवार सुबह हृदय और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के कारण बीमार पड़ने के बाद निधन हो गया था । उन्हें तबीयत खराब होने पर राजधानी के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक के पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास से शुरू हुई। शव यात्रा के दौरान सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने अर्थी को कंधा दिया।

इस दौरान प्रतीक की पत्नी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता एवं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, उनकी बेटियों प्रथमा तथा पद्मजा तथा अन्य रिश्तेदारों ने उन्हें अश्रुपूर्ण विदाई दी। अपर्णा अपनी दोनों बेटियों तथा जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि के साथ श्मशान घाट पहुंचीं।

ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी

घाट पर मौजूद पुरोहित महेन्द्र शर्मा ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के बाद प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान वह बेहद भावुक हो गये और अपने आंसू नहीं रोक सके।प्रतीक के पार्थिव शरीर को कुछ समय के लिए रास्ते में समाजवादी पार्टी के कार्यालय में भी रखा गया। यह उस पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार किया गया जिसके तहत श्मशान घाट पहुंचने से पहले पार्थिव शरीर को पांच बार जमीन पर रखा जाता है।

शव वाहन पर प्रतीक की उनके कुत्तों और एक बंदर के साथ वाली तस्वीरें भी लगाई थीं

प्रतीक को जानवरों से बहुत प्रेम था लिहाजा उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने शव वाहन पर प्रतीक की उनके कुत्तों और एक बंदर के साथ वाली तस्वीरें भी लगाई थीं। शव यात्रा में बड़ी संख्या में सपा और भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी शिरकत की।दोपहर करीब पौने एक बजे प्रतीक की शव यात्रा ’बैकुंठ धाम’ श्मशान घाट पहुंची और उनके पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गयी।

अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह आदित्य यादव तथा परिवार के कई अन्य सदस्य रहे मौजूद

इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव, उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव, चचेरे भाई तथा सांसद आदित्य यादव तथा परिवार के कई अन्य सदस्यों के साथ-साथ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी मौजूद थे।इससे पहले, प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव ने बुधवार देर रात ’एक्स’ पर पोस्ट किया, ’’अत्यंत दुख के साथ हम आपको सूचित करते हैं कि दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण मुलायम सिंह यादव जी के प्रिय पुत्र और हम सभी के प्यारे श्री प्रतीक यादव जी का अंतिम संस्कार कल (बृहस्पतिवार) सुबह 11 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में किया जाएगा।’’ उन्होंने पोस्ट में कहा, ’’दुख की इस घड़ी में आपकी गरिमामयी उपस्थिति का विनम्र अनुरोध है।’’

राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहना पसंद करते थे

सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और शारीरिक फिटनेस के शौकीन प्रतीक बेहद प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहना पसंद करते थे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक की मां साधना गुप्ता पार्टी संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। जब उन दोनों की शादी हुई थी, तब प्रतीक किशोरावस्था में थे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article