देश

4 महीने बाद आज 'मन की बात' के जरिए लोगों से जुडे़ं पीएम मोदी, जानिए क्या-क्या कहा

प्रधानमंत्री मोदी का मासिक 'मन की बात' प्रसारण पिछली बार 25 फरवरी 2024 को प्रसारित किया गया था, जिसके बाद लोकसभा चुनाव को देखते हुए इसे रोक दिया गया था। 0

Image

मन की बात

Photo : ANI

Mann Ki Baat: एक लंबे अंतराल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मासिक रेडियो प्रसारण, 'मन की बात' आज रविवार (30 जून) को फिर से शुरू हुआ। मन की बात प्रधानमंत्री मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम है, जहां वह भारत के नागरिकों के साथ महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करते हैं। मन की बात कार्यक्रम के जरिए आम लोगों से लेकर बड़े नेताओं ने पीएम मोदी के विचारों को सुना।

लोकसभा चुनाव को दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव बताया

प्रधानमंत्री मोदी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव करार देते हुए रविवार को कहा कि इसमें 65 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर संविधान और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में अपना अटूट विश्वास दोहराया है। आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 111वीं कड़ी में देशवासियों के साथ अपने विचार साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात कही।

उन्होंने कहा, मैं आज देशवासियों को इस बात के लिए धन्यवाद भी देता हूं कि उन्होंने हमारे संविधान और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में अपना अटूट विश्वास दोहराया है। साल 2024 का चुनाव दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। दुनिया के किसी भी देश में इतना बड़ा चुनाव कभी नहीं हुआ, जिसमें 65 करोड़ लोगों ने मत डाले हैं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान

प्रधानमंत्री ने लोकसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग और मतदान की प्रक्रिया से जुड़े हर व्यक्ति को बधाई दी। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस पर इस साल आरंभ किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख किया और कहा कि इसके तहत पेड़ लगाने का अभियान तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा, हर कोई अपनी मां के लिए पेड़ लगा रहा है। चाहे वह अमीर हो या गरीब, चाहे वह कामकाजी महिलाएं हों या घरेलू। इस अभियान ने मां के प्रति स्नेह जताने का समान अवसर दिया है। मां के नाम पेड़ लगाने के अभियान से अपनी मां का सम्मान तो होगा ही, साथ ही धरती मां की भी रक्षा होगी।

प्रधानमंत्री ने 30 जून को मनाये जाने वाले ‘हूल दिवस’ पर देशवासियों को बधाई दी और कहा देश के आदिवासी भाई-बहन इसे धूमधाम से मनाते हैं। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों सिदो-कान्हू को याद करते हुए कहा कि इनका बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है। उन्होंने इन दोनों स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित संथाली भाषा में एक गीत के कुछ अंश की रिकॉर्डिंग भी लोगों को सुनायी।

पेरिस ओलंपिक का भी जिक्र किया

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान पेरिस ओलंपिक का भी जिक्र किया और उम्मीद जताई की भारतीय खिलाड़ी इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने लोगों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए ‘चीयर4भारत’ हैशटैग का इस्तेमाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, इस हैशटैग के जरिए हमें अपने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाना है...तो इस गति को बनाए रखिए...आपकी ये गति...भारत का जादू दुनिया को दिखाने में मदद करेगी।

मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद ‘मन की बात’ की यह पहली कड़ी है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम की पिछली कड़ी का प्रसारण 25 फरवरी को हुआ था। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद लागू आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर इस कार्यक्रम का प्रसारण स्थगित कर दिया गया था। प्रधानमंत्री ने इसके 110वें संस्करण में कहा था कि अगली बार जब वह इस कार्यक्रम के जरिए लोगों से रुबरु होंगे तो नयी ऊर्जा और नयी जानकारी के साथ मिलेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी का मासिक 'मन की बात' प्रसारण पिछली बार 25 फरवरी 2024 को प्रसारित किया गया था, जिसके बाद लोकसभा चुनाव को देखते हुए इसे रोक दिया गया था। कार्यक्रम के 110वें संस्करण में पीएम मोदी ने कहा था कि आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर मन की बात का प्रसारण अगले तीन महीनों तक नहीं किया जाएगा।

वापस लौट आया मन की बात

इससे पहले 18 जून को, पीएम मोदी ने घोषणा की थी कि मन की बात कार्यक्रम 30 जून को फिर से शुरू होगा। उन्होंने लोगों से अपने रेडियो प्रसारण के लिए MyGov ओपन फोरम, NaMo ऐप या 1800117800 पर रिकॉर्ड संदेश द्वारा अपने विचार साझा करने की अपील की थी। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था- "यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि चुनाव के कारण कुछ महीनों के अंतराल के बाद, #MannKiBaat वापस आ गया है! इस महीने का कार्यक्रम रविवार, 30 जून को होगा। मैं आप सभी से इसके लिए अपने विचार और इनपुट साझा करने का आह्वान करता हूं। MyGov ओपन फोरम, NaMo ऐप पर या 1800 11 7800 पर अपना संदेश रिकॉर्ड करें।

33 भाषाओं में प्रसारित

2024 का लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून तक सात चरणों में हुआ था। परिणाम 4 जून को घोषित किए गए, जिसके बाद 18वीं लोकसभा का गठन हुआ। 3 अक्टूबर 2014 को लॉन्च किए गए मन की बात का उद्देश्य भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ना है, जिसमें महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हैं। 'मन की बात' 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित होता है, जिनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। मन की बात का प्रसारण आकाशवाणी के 500 से अधिक प्रसारण केन्द्रों द्वारा किया जाता है।

100 करोड़ से अधिक लोग कम से कम एक बार जुड़े

लोगों के जीवन पर 'मन की बात' के प्रभाव के संबंध में किए गए एक अध्ययन से पता चला है कि 100 करोड़ से अधिक लोग कम से कम एक बार 'मन की बात' से जुड़े हैं। यह कार्यक्रम लोगों से सीधे जुड़ता है, जमीनी स्तर से जुड़े लोगों द्वारा लाए गए बदलाव और उपलब्धियों से लो रूबरू होते हैं। इसने लोगों को सकारात्मक कार्यों की ओर प्रभावित किया है। (एएनआई इनपुट)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article