देश

पीएम मोदी के वडोदरा इवेंट की हाउसफुल बुकिंग, 1 घंटे में बिके सभी टिकट, 42000 लोग वेटिंग लिस्ट में

जिन लोगों को मुख्य मैदान का टिकट नहीं मिल सका, उनके लिए प्रशासन ने विशेष 'फैन जोन्स' बनाए हैं, जहां से लोग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

Image

पीएम मोदी का विकसित भारत कार्यक्रम

PM Modi Vadodara Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम 'नमो फॉर विकसित भारत' (NaMo for Viksit Bharat) को लेकर आम जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी (MSU) पवेलियन ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम की सभी सीटें ऑनलाइन टिकेटिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow पर फ्री रजिस्ट्रेशन शुरू होने के महज 1 घंटे के भीतर ही पूरी तरह बुक हो गईं।

वड़ोदरा नगर निगम ने भीड़ नियंत्रण और डिजिटल मैनेजमेंट के लिए निजी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म BookMyShow के जरिए फ्री रजिस्ट्रेशन शुरू किया था। क्षमता से अधिक मांग होने पर ऑनलाइन बुकिंग बंद कर दी गई, जिसके बाद 42,000 से ज्यादा लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया। किसी सरकारी/राजनीतिक जनसभा के लिए इस तरह ऑनलाइन बुकिंग का प्रयोग संभवतः पहली बार किया गया है।

डिजिटल एंट्री और 'फैन जोन्स' की व्यवस्था

जिन लोगों ने सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन कराया है, उनके BookMyShow अकाउंट पर एक डिजिटल 'M-Ticket' जारी किया गया है। स्थल में प्रवेश के लिए इस पर दिए लाइव QR कोड को स्कैन किया जाएगा। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि कार्यक्रम के लिए उपलब्ध क्षमता से लगभग तीन गुना ज्यादा मांग दर्ज की गई। ऐसे में जिन लोगों को मुख्य मैदान का टिकट नहीं मिल सका, उनके लिए प्रशासन ने विशेष 'फैन जोन्स' बनाए हैं, जहां से लोग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

35,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का तोहफा

अपने वडोदरा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी गुजरात को ₹35,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम राष्ट्र को वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के 326 किलोमीटर लंबे तीन मुख्य खंडों (न्यू सानंद - न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव - न्यू सफाले और न्यू सफाले - न्यू JNPT) को समर्पित करेंगे, जिसे 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। यह सीधे जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी से जुड़ेगा।

नई मालगाड़ी और यात्री ट्रेनें शुरू होंगी

पीएम सानंद, मकरपुरा, उमरगांव और मुंबई के JNPT से नई मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा, वडोदरा (प्रतापनगर) और टांडा रोड के बीच एक नई पैसेंजर ट्रेन सेवा की भी शुरुआत होगी, जिससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर के आदिवासी इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेल एवं सड़क बुनियादी ढांचा

  • ₹9,700 करोड़ से अधिक की लागत वाले 329 किमी लंबे 3 प्रमुख रेल प्रोजेक्ट्स (जैसे वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी लाइन) का शिलान्यास।
  • ₹1,780 करोड़ की लागत से बनने वाली 3 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास।
  • गुजरात सरकार की लगभग ₹2,600 करोड़ की राज्य स्तरीय विकास परियोजनाओं की घोषणा।

वैश्विक स्तर पर भी दिखा है ऐसा क्रेज

BookMyShow पर पीएम मोदी के इवेंट का मिनटों में 'सोल्ड आउट' होना पहला मामला नहीं है। इससे पहले 2019 में अमेरिका के ह्यूस्टन में आयोजित 'Howdy, Modi!' कार्यक्रम के लिए 50,000 से अधिक टिकटें हाथों-हाथ बुक हो गई थीं। वहीं हाल ही में मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया) में आयोजित कम्युनिटी इवेंट के सभी टिकट भी कुछ ही घंटों में बुक हो गए थे। वडोदरा कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मुंबई के लिए रवाना होंगे, जहां वे 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026' (Global Fintech Fest 2026) का उद्घाटन करेंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article