देश

आज मेघालय-त्रिपुरा के दौरे पर रहेंगे PM मोदी, देंगे 6800 करोड़ की सौगात

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 18, 2022, 10:25 AM IST

पीएम मोदी (PM Modi) उमसावली में आईआईएम शिलांग के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे। वह शिलांग-दींगपसोह रोड का उद्घाटन भी करेंगे, जो नई शिलांग सैटेलाइट टाउनशिप को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इसके अलावा वह तीन राज्यों मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में चार अन्य सड़क परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।

Image

आज मेघालय-त्रिपुरा जाएंगे पीएम मोदी

Photo : BCCL

पीएम मोदी रविवार (18 December 2022) को मेघालय और त्रिपुरा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी 6800 करोड़ की परियोजना का उद्घाटन और शिलांन्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में आवास, सड़क, कृषि, दूरसंचार, आईटी और पर्यटन सहित कई क्षेत्र शामिल हैं।

शिलांग का कार्यक्रम

शिलांग में प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर परिषद के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। परिषद का औपचारिक रूप से उद्घाटन 7 नवंबर, 1972 को हुआ था। सुबह करीब 10:30 बजे प्रधानमंत्री स्टेट कन्वेंशन सेंटर, शिलांग में नॉर्थ ईस्टर्न काउंसिल की बैठक में शामिल होंगे। बाद में एक सार्वजनिक समारोह में, प्रधानमंत्री 2450 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस क्षेत्र में दूरसंचार कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी सैकड़ों 4जी मोबाइल टावर देश को समर्पित करेंगे। इनमें से 320 से अधिक पूरे हो चुके हैं और लगभग 890 निर्माणाधीन हैं।

आईआईएम शिलांग के नए परिसर का उद्घाटन

पीएम मोदी उमसावली में आईआईएम शिलांग के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे। वह शिलांग-दींगपसोह रोड का उद्घाटन करेंगे, जो नई शिलांग सैटेलाइट टाउनशिप को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। वह तीन राज्यों मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में चार अन्य सड़क परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी मशरूम स्पॉन उत्पादन बढ़ाने के लिए मेघालय में मशरूम विकास केंद्र में स्पॉन प्रयोगशाला का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी मेघालय में एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और असम में 21 हिंदी पुस्तकालयों का भी उद्घाटन करेंगे।

छह सड़क परियोजनाओं की आधारशिला

प्रधानमंत्री असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा राज्यों में छह सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वह तुरा और शिलॉन्ग टेक्नोलॉजी पार्क फेज-2 में इंटीग्रेटेड हॉस्पिटैलिटी एंड कन्वेंशन सेंटर की आधारशिला भी रखेंगे। इसके बाद वो त्रिपुरा के लिए निकल जाएंगे।

त्रिपुरा में कार्यक्रम

पीएम मोदी इसके बाद अगरतला निकल जाएंगे। यहां वो दोपहर करीब 2:45 बजे एक सार्वजनिक समारोह में 4350 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यहां पीएम मोदी गृह प्रवेश कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री अगरतला बाईपास (खैरपुर-अमतली) NH-08 के चौड़ीकरण की परियोजना का उद्घाटन करेंगे। वह पीएमजीएसवाई III (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना) के तहत 230 किलोमीटर से अधिक लंबाई की 32 सड़कों और 540 किलोमीटर से अधिक की दूरी वाली 112 सड़कों के सुधार के लिए आधारशिला भी रखेंगे। इसके बाद आनंदनगर में स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट और अगरतला गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज का भी उद्घाटन करेंगे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article