देश

पीएम मोदी, मुकेश अंबानी, सचिन तेंदुलकर, शाहरुख खान... फडणवीस की ताजपोशी में इन हस्तियों ने दर्ज कराई अपनी उपस्थिति

Maharashtra CM Oath Ceremony:महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में तीसरी बार देवेंद्र फडणवीस का राजतिलक हुआ। फडणवीस के शपथग्रहण समारोह में कई जानी-मानी हस्तियां नजर आईं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान, सलमान खान, उद्योगपति मुकेश अंबानी, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और कई दिग्गज शामिल हुए।

Image

देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए ये दिग्गज।

Devendra Fadnavis took Oath as CM of Maharashtra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उद्योग तथा फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस के शपथग्रहण समारोह में शामिल हुईं। भाजपा नेता फडणवीस ने आज शाम दक्षिण मुंबई के विशाल आजाद मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

इन दिग्गज नेताओं ने दर्ज कराई अपनी उपस्थिति

समारोह में योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश), नीतीश कुमार (बिहार), चंद्रबाबू नायडू (आंध्र प्रदेश), पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड), नायब सिंह सैनी (हरियाणा), भूपेंद्र पटेल (गुजरात) और प्रमोद सावंत (गोवा) सहित राजग शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और रामदास आठवले भी इस कार्यक्रम में मंच पर मौजूद थे।

शाहरुख, सलमान, सचिन तेंदुलकर हुए शामिल

उद्योगपति मुकेश अंबानी और कुमार मंगलम बिड़ला तथा अभिनेता शाहरुख खान, सलमान खान, रणबीर कपूर, माधुरी दीक्षित-नेने, संजय दत्त और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी समारोह में उपस्थित थे।

शिंदे, अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार शाम एक भव्य समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में, जबकि सहयोगी एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यह कार्यक्रम 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के करीब दो सप्ताह बाद आजाद मैदान में आयोजित किया गया। नागपुर दक्षिण पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित फडणवीस (54) तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने फडणवीस और शिंदे तथा पवार को पद की शपथ दिलाई।

भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने इससे पहले कहा था कि मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले शपथ ले लेंगे। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भाजपा के 132 सीट जीतने के साथ ही फडणवीस मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार बनकर उभरे थे। महायुति के घटक दलों-भाजपा, शिवसेना और राकांपा के पास विधानसभा में कुल मिलाकर 230 सीट हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article