दिल्ली मेट्रो की सवारी पीएम मोदी को खूब भाती है। जब भी कोई ऐसा मौका आए तो वह इसकी सवारी करने और यात्रियों से मिलने जुलने से नहीं चूकते हैं। आज फिर कुछ ऐसा ही हुआ। आज फिर से दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में आयोजित शताब्दी समारोह में जाने के लिए पीएम मोदी ने सड़क मार्ग छोड़कर मेट्रो की सवारी चुनी। शनिवार को दिल्ली मेट्रो में सफर करते हुए पीएम मोदी बच्चों और युवाओं के बीच नजर आए। इस दौरान पीएम उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और कुछ पल उनके साथ सहज अंदाज में बिताए।
खास बात यह है कि मेट्रो से पीएम मोदी का यह जुड़ाव नया नहीं है। प्रधानमंत्री बनने के बाद से वह कई मौकों पर दिल्ली मेट्रो की सवारी कर चुके हैं और इस दौरान आम यात्रियों, छात्रों और विदेशी मेहमानों के साथ सफर का अनुभव भी साझा किया है।
जब सड़क छोड़ मेट्रो को चुना था
पीएम मोदी की प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली दिल्ली मेट्रो यात्रा 25 अप्रैल 2015 को हुई थी। उस समय उन्हें धौला कुआं से द्वारका जाना था। सड़क मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए उन्होंने मेट्रो से जाने का फैसला किया था। उसी साल उन्होंने मिलेनियम सिटी सेंटर, गुरुग्राम और फिर जनपथ से फरीदाबाद तक मेट्रो की यात्रा की। फरीदाबाद वाले सफर में वह यात्रियों के बीच बैठकर बातचीत करते भी नजर आए थे।कभी विदेशी मेहमान, कभी छात्र बने हमसफर
पीएम मोदी की मेट्रो यात्राओं में विदेशी राष्ट्राध्यक्षों का साथ भी खास रहा है। 25 जनवरी 2016 को उन्होंने फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के साथ मेट्रो से गुरुग्राम तक सफर किया था। वहीं 10 अप्रैल 2017 को ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल के साथ मंडी हाउस से अक्षरधाम तक मेट्रो यात्रा की। दोनों नेताओं की मेट्रो में यात्रियों के साथ तस्वीरें और सेल्फी काफी चर्चा में रही थीं।इसके बाद 9 जुलाई 2018 को दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन के साथ मंडी हाउस से नोएडा के बॉटनिकल गार्डन तक मेट्रो यात्रा की। दोनों नेता नोएडा में सैमसंग के मोबाइल निर्माण संयंत्र से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
2018 और 2019 में भी कई सफर
पीएम मोदी ने 2018 में भी मेट्रो का इस्तेमाल किया। उन्होंने लोक कल्याण मार्ग से उत्तर दिल्ली की ओर यात्रा की और बाद में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर धौला कुआं से द्वारका सेक्टर-21 तक सफर किया। 2019 में उन्होंने खान मार्केट से नेहरू प्लेस तक मेट्रो से यात्रा की। यह सफर इस्कॉन मंदिर में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए था। इसके बाद रेड लाइन के विस्तार के उद्घाटन के दौरान शहीद स्थल से कश्मीरी गेट तक भी उन्होंने मेट्रो की सवारी की।2023 में छात्रों के बीच फिर दिखा अलग अंदाज
करीब चार साल के अंतराल के बाद 30 जून 2023 को पीएम मोदी फिर मेट्रो में नजर आए। इस बार उनके हमसफर थे दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र। उन्होंने लोक कल्याण मार्ग से विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन तक सफर किया। करीब 30 छात्रों के साथ यात्रा के दौरान पढ़ाई, करियर और भविष्य को लेकर बातचीत हुई। इसके बाद 17 सितंबर 2023, अपने जन्मदिन के दिन, पीएम मोदी ने यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 से जुड़ी परियोजना के कार्यक्रम के दौरान मेट्रो की सवारी की। उपलब्ध रिकॉर्ड के मुताबिक यह उनकी 12वीं दिल्ली मेट्रो यात्रा थी।13 साल बाद SRCC में फिर वापसी
आज का सफर इसलिए भी खास है क्योंकि पीएम मोदी का SRCC से पुराना रिश्ता है। 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने इसी कॉलेज में छात्रों को संबोधित किया था।
