देश

इस सप्ताह पीएम मोदी रखेंगे उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला, नमो भारत कॉरिडोर का भी उद्घाटन

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 22 फरवरी को प्रधानमंत्री 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के शेष हिस्से का उद्घाटन करेंगे। यह कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक जोड़ेगा।

पीएम मोदी देंगे यूपी को सौगात।

पीएम मोदी देंगे यूपी को सौगात।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह गौतम बुद्ध नगर में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही वे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ 'नमो भारत' रैपिड रेल कॉरिडोर के शेष हिस्से और मेरठ मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन भी करेंगे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद के बजट सत्र के दौरान इस बात की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के बुनियादी ढांचे और उच्च-प्रौद्योगिकी विनिर्माण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 21 फरवरी को सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी, जो उत्तर प्रदेश को हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

22 फरवरी को नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 22 फरवरी को प्रधानमंत्री 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के शेष हिस्से का उद्घाटन करेंगे। यह कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक जोड़ेगा।

इसके साथ ही 23 किलोमीटर लंबा मेरठ मेट्रो कॉरिडोर, जिसमें 13 स्टेशन हैं,को भी शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन में दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किमी और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी का हिस्सा शामिल है। यह 82 किमी का कॉरिडोर सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, गुलधर, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ जैसे प्रमुख स्टेशनों को जोड़ता है, जिससे आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले मेरठ से दिल्ली पहुंचने में करीब तीन घंटे लगते थे,जबकि अब 12-लेन हाईवे से यह दूरी लगभग 45 मिनट में तय की जा सकती है। रैपिड रेल शुरू होने से यह यात्रा और सुगम होगी।

उन्होंने दावा किया कि कानून-व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है और राज्य में जल, थल और वायु मार्ग से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी विकसित की गई है।

एक्सप्रेसवे,मेट्रो और एयरपोर्ट नेटवर्क

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। राज्य में 22 एक्सप्रेसवे हैं, जिनमें से सात चालू हैं, पांच निर्माणाधीन हैं और 10 पर कार्य जारी है। राज्य में छह कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाएं चल रही हैं,जबकि मेरठ मेट्रो का उद्घाटन 22 फरवरी को होगा।

जलमार्ग और एयरपोर्ट विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि वाराणसी-हल्दिया अंतर्देशीय जलमार्ग विकसित किया गया है और रामनगर, चंदौली, मिर्जापुर तथा गाजीपुर में टर्मिनलों का उन्नयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 में राज्य में केवल दो हवाई अड्डे पूरी तरह संचालित थे और दो आंशिक रूप से। आज उत्तर प्रदेश में 16 हवाई अड्डे हैं,जिनमें चार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे शामिल हैं। जेवर में पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तैयार है। इसके साथ ही जेवर में देश का पहला मेंटेनेंस,रिपेयर एंड ओवरहाल (MRO) हब भी स्थापित किया जा रहा है,जिससे उत्तर प्रदेश एक प्रमुख कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभर रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article