देश

पीएम मोदी करेंगे बनारस से 4 नई वंदे भारत ट्रेनों का शुभारंभ, जानिए कौन-कौन सी ट्रेन, क्या रहेगा रूट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर की सुबह 8:15 बजे वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। यह पहल प्रधानमंत्री के उस संकल्प को आगे बढ़ाएगी जिसमें हर नागरिक को तेज, आरामदायक और आधुनिक रेल सेवा उपलब्ध कराने का विज़न शामिल है।

Image

पीएम मोदी करेंगे बनारस से 4 नई वंदे भारत ट्रेनों का शुभारंभ

4 New Vande Bharat Trains From Varanasi: भारत के रेल नेटवर्क में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर की सुबह 8:15 बजे वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। यह पहल प्रधानमंत्री के उस संकल्प को आगे बढ़ाएगी जिसमें हर नागरिक को तेज, आरामदायक और आधुनिक रेल सेवा उपलब्ध कराने का विज़न शामिल है। कौन-कौन सी हैं ये ट्रेन, क्या रहेगा रूट और क्या शेड्यूल रहेगा, जानते हैं।

1. बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस

यह ट्रेन धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले शहरों वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो को जोड़ते हुए भारत की आध्यात्मिक धरोहरों को नई गति देगी। वर्तमान ट्रेनों की तुलना में करीब 2 घंटे 40 मिनट का समय बचेगा। यह रूट धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा देगा, जिससे खजुराहो जैसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल तक पहुंचना और भी आसान होगा।

2. लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस

यह ट्रेन लगभग 7 घंटे 45 मिनट में सफर पूरा करेगी और करीब 1 घंटे की समय बचत होगी। लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर जैसे शहरों के यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। यह ट्रेन हरिद्वार के मार्ग को भी सुलभ बनाएगी, जिससे पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।

3. फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस

इस मार्ग पर यह ट्रेन सबसे तेज होगी और सिर्फ 6 घंटे 40 मिनट में दिल्ली पहुंचेगी। यह पंजाब के प्रमुख शहरों फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला को राजधानी से जोड़ेगी। इस रूट से व्यापार, रोजगार और सीमा क्षेत्रों के विकास को बल मिलेगा।

4. एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस

दक्षिण भारत में यह ट्रेन यात्रा समय को 2 घंटे से अधिक घटाकर सिर्फ 8 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी। यह रूट केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के आईटी, व्यापार और पर्यटन केंद्रों को जोड़ेगा। इससे दक्षिण भारत के राज्यों के बीच आर्थिक सहयोग और पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।

देश की रफ्तार, विकास की नई पहचान

चारों नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भारत की गति, गौरव और आधुनिकता की प्रतीक हैं। इनसे जहां एक ओर यात्रियों को तेज और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा, वहीं दूसरी ओर पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article