प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तिरुचिरापल्ली में बुधवार को जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत (Viksit Bharat) का सपना तभी पूरा होगा, जब तमिलनाडु जैसे राज्यों का तेजी से विकास होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य एक विकसित तमिलनाडु के जरिए विकसित राष्ट्र का निर्माण करना है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के लोगों के कल्याण और राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार दिन-रात विकास को गति देने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रयास कर रही है।
5,650 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं को मिली हरी झंडी
इस दौरान पीएम मोदी ने राज्य में करीब 5,650 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं में ऊर्जा, सड़क, रेल और गैस इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, कनेक्टिविटी मजबूत होगी और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे तमिलनाडु के साथ-साथ पूरे देश के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के विकास को राष्ट्रीय विकास का अहम हिस्सा मानती है और इसी दिशा में कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम किया जा रहा है।
