देश

'हो-हल्ला और मैदान छोड़कर भागना...', विपक्षियों के वॉकआउट पर PM मोदी ने दिखाया आईना; कही यह बड़ी बात

PM Modi Rajya Sabha Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को विपक्ष पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने हर तरह से उनको इतना पराजित कर दिया है कि अब उनके पास गली-मोहल्ले में चीखने के अलावा कुछ बचा नहीं। नारेबाजी, हो-हल्ला और मैदान छोड़कर भाग जाना, यही उनके नसीब में लिखा है।

Image

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • हाथ में रखने की नहीं, बल्कि जीने की किताब है भारतीय संविधान: जगदीप धनखड़
  • विपक्षियों के पास लड़ाई लड़ने का नहीं रहा हौसला: PM मोदी

PM Modi Rajya Sabha Speech: राज्यसभा में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) जब अपनी बात रख रहे थे तो उस दौरान विपक्ष ने जबरदस्त हंगामा किया और फिर बाद में सदन से वाॅकआउट किया। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश देख रहा है, झूठ फैलाने वालों में सत्य सुनने की ताकत भी नहीं होती।

'उच्च सदन को अपमानित कर रहा विपक्ष'

उन्होंने कहा कि सत्य से मुकाबला करने के लिए उनके हौसले नहीं हैं। उनके पास अपने ही उठाए हुए सवालों का जवाब सुनने की हिम्मत नहीं है। ये संसद के उच्च सदन को अपमानित कर रहे हैं। यह उच्च सदन की महान परंपरा को अपमानित कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष के लिए कहा कि देश की जनता ने हर तरह से उनको इतना पराजित कर दिया है कि अब उनके पास गली-मोहल्ले में चीखने के अलावा कुछ बचा नहीं। नारेबाजी, हो-हल्ला और मैदान छोड़कर भाग जाना, यही उनके नसीब में लिखा है।

सभापति ने क्या कुछ कहा?

वहीं, सभापति जगदीप धनखड़ ने विपक्ष के इस आचरण को अत्यंत दर्दनाक, पीड़ादायक और अमर्यादित कहा। उन्होंने कहा कि वे सदन छोड़कर नहीं गए हैं, वह मर्यादा छोड़ कर गए हैं। उन्होंने उस शपथ का अनादर किया है जो कि संविधान के तहत ली गई थी। भारत का संविधान हाथ में रखने की किताब नहीं है, बल्कि जीने की किताब है।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सभापति से कहा, ''मैं आपकी वेदना समझ सकता हूं। देश के 140 करोड़ लोगों ने जो जनादेश दिया है, इसे ये पचा नहीं पा रहे हैं। कल उनकी सारी हरकतें फेल हो गई तो आज उनका वह लड़ाई लड़ने का भी हौसला नहीं रहा। इसलिए, वे मैदान छोड़कर भाग गए।''

विपक्ष पर जमकर बरसे PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में कहा कि ये लोग ऑटो पायलट मोड पर सरकार चलाने, रिमोट पायलट पर सरकार चलाने के आदी हैं, इसलिए वे कुछ करने में विश्वास नहीं रखते। बस इंतजार करना जानते हैं, लेकिन हम परिश्रम में कोई कमी नहीं रहने देंगे। पिछले 10 वर्षों में हमने जो किया है, आने वाले वर्षों में उसकी गति भी बढ़ाएंगे, उसका विस्तार भी बढ़ाएंगे। हमारे कामों में गहराई भी होगी और ऊंचाई भी होगी। हम इस संकल्प को पूरा करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में कहा, ''चुनाव के दौरान मैं देशवासियों से कहता था, जो 10 साल हमने काम किया है, हमारे सामने और संकल्प हैं, उसके हिसाब से तो यह ऐपेटाइजर था, मेन कोर्स तो अभी शुरू होगा।'' उन्होंने नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने की बात कही। उन्होंने दृढ़ विश्वास दिलाया कि आने वाले पांच साल मूल सुविधाओं के, एक सामान्य नागरिक की जो रोजमर्रा की आवश्यकता होती है, एक गरिमा में जीवन जीवन जीने के लिए जिन सुविधाओं की, जिस प्रकार की गवर्नेंस की आवश्यकता होती है, उसके लिए समर्पित होंगे।

भारत की विकास यात्रा के प्रमुख स्तंभ

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''आने वाले पांच वर्ष गरीबी के खिलाफ लड़ाई के निर्णायक वर्ष हैं। यह देश गरीबी के खिलाफ लड़ाई में विजयी होकर रहेगा। जब देश दुनिया की तीसरी बड़ी इकोनॉमी बनेगा तो इसका लाभ, इसका प्रभाव जीवन के हर क्षेत्र पर पड़ने वाला है। विकास के अनेक अवसर उपलब्ध होने वाले हैं। जब हम दुनिया की तीसरे नंबर की इकोनॉमी बनेंगे तब भारत के हर स्तर पर सकारात्मक प्रभाव होगा। हम आने वाले कालखंड में नए स्टार्टअप का वैश्विक उभार देख रहे हैं। आने वाले पांच साल में पब्लिक ट्रांसपोर्ट में बहुत तेजी से बदलाव आने वाला है और इसका लाभ भारत के कोटि-कोटि जनों को जल्द से जल्द मिले, उस दिशा में हम गंभीरता से आगे बढ़ना चाहते हैं।''

उन्होंने कहा, ''भारत की विकास यात्रा में चार प्रमुख स्तंभ है। उनका सशक्तीकरण, उनको अवसर, ये बहुत बड़ी ताकत देने वाले हैं। हमारे देश के किसान, हमारे देश के गरीब, हमारे देश के युवा, हमारे देश की नारी शक्ति, हमारी विकास यात्रा में हमारा जो फोकस है, उसको हमने रेखांकित किया है।''

(इनपुट: आईएएनएस)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article